monsoon
जयपुर (कार्यालय संवाददाता)। राजस्थान (Rajasthan) में इस बार मानसून (Monsoon) करीब तीन दिन पहले एंट्री करेगा। प्री-मानसून (Pre-Monsoon) की बारिश शुरू हो चुकी है। उदयपुर, डूंगरपुर - और बांसवाड़ा में दो दिन पहले अच्छी - बारिश भी हुई। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इस बार दक्षिण-पश्चिमी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अच्छी हैं और ये महाराष्ट्र से आगे गुजरात की सीमा में प्रवेश कर चुका है। मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राजस्थान में जो मानसून आता है, वह बंगाल की खाड़ी यानी पूर्वी भारत से आने वाली हवाओं के साथ प्रवेश करता है। पिछले 12 दिनों (31 मई से) से पूर्वोत्तर भारत में मानसून आगे नहीं बढ़ रहा है। अगले 2-3 दिन परिस्थिति मानसून के अनुकूल नहीं है। 15 जून के बाद से बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम बनने की संभावना है, जिससे मानसून की थमी रफ्तार को वापस गति मिल सकती है।
पूर्व मानसून की गति रूकी
निदेशक ने बताया कि छत्तीसगढ़, ओडिशा के आसपास एंटी साइक्लोन बनने और वेस्टर्न विंड ज्यादा प्रभावशाली होने के कारण बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाएं आगे नहीं बढ़ सकी। इस कारण मानसून की पूर्वी ब्रांच 31 मई से सिक्किम, असम के पास ही थमी है। 15 जून के बाद से हवा के पैटर्न में बदलाव होने की संभावना है। पश्चिमी हवाओं का प्रभाव कम होगा।
22 से 25 जून के बीच मानसून के आने की संभावना
मानसून की वर्तमान स्थिति देखें तो ये अभी गुजरात और छत्तीसगढ़ के दक्षिणी क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है। इस एरिया में समय से 5 दिन पहले प्रवेश किया। महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल के अलावा पूर्वोत्तर के सात राज्यों में मानसून दस्तक दे चुका है। संभावना है कि राजस्थान में इस बार मानसून तय समय से 2 से 3 दिन पहले आ सकता है यानी 22 से 25 जून के बीच मानसून के आने की संभावना है।
19-20 जून से पूर्वी राजस्थान में शुरू होगी बारिश
राजस्थान में मानसून के प्रवेश का सामान्य समय 25 जून निर्धारित है। ये उदयपुर, बांसवाड़ा के रास्ते आता है। साल 2023 में मानसून ने मानसून उदयपुर संभाग के साथ कोटा और भरतपुर संभाग से एक साथ एंट्री की थी। राजस्थान में वर्तमान में अभी दक्षिणी हिस्सों में प्री-मानसून की बारिश शुरू हो गई है।
19-20 जून से पूर्वी राजस्थान यानी भरतपुर संभाग के जिलों में भी प्री-मानसून की बारिश का दौर शुरू हो सकता है। वहीं इस बार भी मानसून दक्षिण-पूर्वी हिस्से यानी उदयपुर-बांसवाड़ा के साथ भरतपुर और कोटा संभाग से राजस्थान में आएगा।
Editorial

Editorial

Next Story