copper wire
मुंबई। हमें अक्सर सड़क पर मनपा की यूनिफॉर्म में मजदूर खुदाई वगैरह का काम करते दिखाई देते हैं। हर कोई यही समझता है कि मनपा (municipal corporation) किसी काम से सड़क की यह खुदाई करवा रही होगी। सड़क पर राहगीर और वाहनचालक गुजरते रहते हैं लेकिन कोई भी इस बारे में पूछताछ कर अपना वक्त जाया नहीं करना चाहता। कोई इस बारे में शायद ही कभी मामले की तह में जाने की कोशिश करता है। इसी का फायदा उठाते हुये माटुंगा के डॉ. बी.ए. आंबेडकर रोड (Dr. B.A. Ambedkar Road) पर फुटपाथों (footpath ) की खुदाई कर रहे छह बदमाशों को माटुंगा (Matunga) पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, छह आरोपी खुदाई कर अंडरग्राउंड कॉपर वायर
(copper wire)
की चोरी कर रहे थे। आरोपियों ने 6.8 लाख रुपये कीमत की कॉपर वायर चुराई है। आरोपियों के नाम मनीष जैन, निक्कू गुप्ता, नरेश अहिरे, महेश बुदामुल्लाह, अशोक सूर्यवंशी और कैलाश देवदत्त जाधव हैं। पुलिस ने आरोपियों से 184 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने मनपा से संपर्क कर पूछा था कि आखिर पहले से 2 से 3 फीट चौड़े फुटपाथ की मजदूरों से खुदाई क्यों करवाई जा रही है? इसके बाद मनपा अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया तो पता चला कि खुदाई करनेवाले लोग मनपा के हैं ही नहीं। मनपा के किसी ठेकेदार ने इनकी नियुक्ति नहीं की है। तत्काल माटुंगा पुलिस को खबर दी गई जिसके बाद आरोपियों की धरपकड़ हुई। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी बाकायदा सेफ्टी जैकेट्स और हेलमेट पहनकर खुदाई का काम कर रहे थे। उनका पहनावा बिलकुल बीएमसी
(BMC)
स्टाफ की तरह ही था। इस दौरान एमटीएनएल ने अपनी 400 से ज्यादा टेलीफोन लाइनें बिना किसी तकनीकी कारण डिसकनेक्ट होने की शिकायत की थी। बाद में पता चला कि इन्हीं आरोपियों ने इसी तरह से खुदाई कर एमटीएनएल (MTNL) की केबल्स भी चुराई हैं।
यह काफी हैरानीभरा है कि आरोपियों ने दादर टीटी से माहेश्वरी उद्यान तक के एक किमी. तक के फुटपाथ की खुदाई कर डाली थी। हर रात को वे आते और बाकायदा खुदाई का काम करते थे लेकिन पुलिस, बीएमसी या फिर एमटीएनएल किसी को भी इसकी भनक नहीं लगी और किसी ने भी इसकी जांच नहीं की। यह मानना मुश्किल है कि इन विभागों की जानकारी के बिना इस तरह से अवैध खुदाई कई दिनों तक चलती रहे और संबंधित विभागों को इसका पता ही नहीं हो।
Editorial

Editorial

Next Story