stealing jewelry
मुंबई। प्रात:काल संवाददाता। ठाणे में ज्वेलरी शॉप से करोड़ों रुपए के आभूषण चोरी कर फरार हुए नौकर को पुलिस ने राजस्थान के माउंट आबू से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को इस मामले में कोर्ट ने 12 जून तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया।
ठाणे पुलिस की एक टीम ने 11 मई को नोपाड़ा क्षेत्र में विरासत ज्वेलर्स नामक जूलरी शॉप में हुई 1.30 करोड़ रुपये की जूलरी चोरी के मामले में राजस्थान के माउंट आबू से आरोपी विशाल सिंह कान सिंह राजपूत (29) को गिरफ्तार किया है। शिकायत अनुसार राजस्थान के पाली जिले के खिंवाड़ा निवासी यशवंत पुनमिया की ठाणे के नौपाडा में विरासत ज्वेलर्स नामक जूलरी शॉप में आरोपी पिछले 2 माह से नौकर के रूप में काम करता था। आरोपी विशाल पर आरोप है कि उसने ज्वेलरी शॉप से 1.30 करोड रुपए के आभूषण चोरी किये और फरार हो गया। चोरी की यह वारदात 11 मई की है। वारदात के दिन जूलर पुनमिया ने आरोपी को सिद्धार्थ ज्वेलर्स से स्वर्णाभूषण लाने के लिये कहा था। राजपूत ने वहां से स्वर्णाभूषण तो लिये लेकिन उसने जूलर पुनमिया तक स्वर्णाभूषण पहुंचाये नहीं। इसके अलावा, उसने जूलरी शॉप से और भी स्वर्णाभूषण चुरा लिये और फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिये आरोपी ने जूलरी शॉप में अपने आधार कार्ड और अन्य पहचान संबंधित दस्तावेज का रिकॉर्ड भी नष्ट कर दिया था। पुनमिया की शिकायत के बाद नौपाडा पुलिस ने जांच करते हुये पुलिस को पता चला कि विशाल पर मुंबई में अन्य दूसरी जगह भी चोरी के कुछ मामले दर्ज है। उसके बाद पुलिस ने इस मामले में इस क्षेत्र के सभी सीसीटीवी फुटेज जांच की तो पता चला कि विशाल ने ठाणे से वसई तक 10 ऑटो रिक्शा बदली किए थे। उसके बाद उसने अहमदाबाद जाने के लिए बस पकड़ी थी। अहमदाबाद पहुंचकर कुछ सप्ताह तक आरोपी विशाल गुजरात और राजस्थान में अपना स्थान बदलता रहा। उसके बाद वह माउंट आबू में जाकर रुक गया। इस दौरान विशाल एक अन्य व्यक्ति के नाम से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर इस्तेमाल कर रहा था। विशाल के माउंट आबू में होने की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम माउंट आबू पहुंचकर विशाल को ढूंढ कर गिरफ्तार कर लिया। उससे 1.26 करोड रुपए के आभूषण जप्त किये, वहीं इस मामले में विशाल को 12 जून तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।
Editorial

Editorial

Next Story