Making a reel
उदयपुर. नगर संवाददाता | शहर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में लई गांव में पुरानी पत्थर की खदान पर रील बनाते समय एक युवक नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक डेढ़ सौ फीट ऊपर खोखली जमीन पर खड़ा रहकर रील बना रहा था। फिसलने से वह लुढ़कते हुए चट्टानों से टकराते हुए नीचे पानी में गिर गया। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने शव को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार शहर से करीब 17 किलोमीटर दूर लई गांव में एक पुरानी पत्थर की खदान है। इस खदान में पानी भरा रहता है लोगों ने इसका पैराडाइज लेक नाम दे दिया है। रविवार दोपहर करीब दो बजे खदान पर करीब डेढ़ सौ फीट दिनेश (21) पुत्र मोहनलाल मीणा निवासी भीलू राणा कच्ची बस्ती अपने तीन अन्य साथियों के साथ पत्थर की खदान में भरे पानी नहाने के लिए उतरे। दोपहर करीब 2 बजे दिनेश 150 फीट ऊंची चट्टान पर चढ़ा और सोशल मीडिया के लिए रील बनाने लगा। इस दौरान पैर फिलसने वह नीचे पानी में गिर गया। गिरते समय चट्टान से टकराने उसे चोटें भी आई, जिससे वह पानी में डूब गया। हादसे के बाद दिनेश का साथी घबरा कर वहां से चला गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सिविल डिफेंट टीम को बुलाया। कैलाश मेनारिया, प्रकाश राठौड़, नरेश चौधरी, मुकेश सेन मय टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया और 3 घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को एमबी हॉस्पिटल के मोर्चरी में रखवाया है। सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई होगी।
Next Story