Hallmarking of gold
कोलकाता। गोल्ड की कीमतों में ऐतिहासिक उछाल के चलते अब 9 कैरेट गोल्ड (9 carat gold) की मांग और खरीदारी में तेजी आई है। ऐसे में गोल्ड कारोबारियों ने ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैण्डर्ड (बीआईएस) से 9 कैरेट गोल्ड के लिये भी हॉलमार्किंग और हॉलमार्किंग यूनिक आइडेंटिफिकेशन (एचयूआईडी) नंबर्स शुरु करने की गुजारिश की है।
गौरतलब है कि फिलहाल गोल्ड की कीमतें आसमान छू रही हैं और वर्तमान में 14, 18 और 22 कैरेट गोल्ड की हॉलमार्किंग ही की जाती है। बुधवार को चांदी 95 हजार रुपये प्रतिकिलो के आसपास कारोबार कर रही थी जबकि सोना 75 हजार प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है। सोने की कीमतों ने पिछले 5 महीने में 17 फीसदी की उछाल दर्ज की है। जूलरी और बुलियन कारोबारियों की शीर्ष संस्था इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) ने मंगलवार को बीआईएस एग्जिक्युटिव्स से मुलाकात की और हॉलमार्किंग और एचयूआईडी नंबर्स जारी किये जाने पर चर्चा की गई।
आईबीजेए के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता के मुताबिक, गोल्ड की कीमतें लगातार ऊपर जा रही है। ग्राहकों को इससे दिक्कत हो रही है और ऐसे में ग्राहक 9 कैरेट गोल्ड की मांग कर रहे हैं। यही वजह है कि बीआईएस से मांग की जा रही है कि 9 कैरेट गोल्ड को हॉलमार्किंग के दायरे में लाया जाये। 9 कैरेट गोल्ड की कीमत प्रति 10 ग्राम 27,740 रुपये है। इस पर 3 फीसदी जीएसटी लागू होगा और इस तरह से यह कीमत तीस हजार के आसपास रहेगी। ऐसे में 9 कैरेट गोल्ड की जूलरी ग्राहकों के बजट में है।
Next Story