ICC T20 ranking hardik pandya
दुबई (एजेंसी)। आईसीसी (ICC) ने टी20 विश्व कप (T20 World Cup) से पहले ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) टी20 ऑलराउंडर्स की आईसीसी रैंकिंग में सातवें नंबर पर बने हुए हैं। वह मौजूदा समय में टी20 प्रारूप में ऑलराउंडर्स की सूची में शीर्ष भारतीय हैं। हार्दिक के 185 अंक हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के मार्कस स्टोइनिस उनसे एक स्थान ऊपर छठे पायदान पर हैं। श्रीलंकाई स्पिनर वानिंदु हसरंगा और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष ऑलराउंडर हैं। हसरंगा ने एक स्थान के सुधार के साथ और 228 अंकों के साथ शीर्ष पर जगह बनाई। शाकिब के भी इतने ही रेटिंग अंक हैं।
उनके बाद अफगानिस्तान के मोहम्मद नत्री (218) और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा (210) का नंबर आता है। रजा की रैंकिंग में दी स्थान का सुधार हुआ। दक्षिण अफ्रीका के टी20 कप्तान एडेन मार्करम (205) भी शीर्ष पांच में जगह बनाने में कामयाब रहे।
टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग
टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग सूची में भारत के सूर्यकुमार यादव 861 अंकों के साथ नंबर एक पर बने हुए हैं, जबकि इंग्लैंड के फिल सॉल्ट 802 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। उनके बाद पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान (781), बाबर आजम (761) और मार्करम (755) हैं। भारत के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 714 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं।
टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग
टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग सूची में इंग्लैंड के स्पिनर आदिल रशीद (726 अंक) शीर्ष पर हैं। हसरंगा (687) दूसरे और वेस्टइंडीज के अकील हुसैन (664) तीसरे स्थान पर हैं। भारत के अक्षर पटेल (660) चौथे स्थान पर हैं। वहीं, बीलंका के महेश तीक्ष्णा 659 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
Editorial

Editorial

Next Story