Fake medical store
मुंबई। एक हेल्थकेयर प्लेटफॉर्म के प्रतिनिधि बनकर फर्जी फ्रेंजाईजी देकर मेडिकल स्टोर (Medical Store) मालिक से 2 लाख रुपये की ठगी के अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता कमलेश जैन (27) वडाला में आरवीएन हेल्थकेयर के मालिक हैं। उन्होंने इंटरनेट पर एक विज्ञापन देखा जिसमें हेल्थकेयर प्लेटफॉर्म टाटा आईएमजी की फ्रेंजाईजी की पेशकश की गई थी। जैन ने जब विज्ञापन में दर्शाये अनुसार संपर्क किया तो सामने बात करनेवाली महिला ने जैन से बाद में संपर्क करने की बात कही। बाद में उस महिला ने जैन को बताया कि फ्रेंचाईजी के लिये जैन का चयन कर लिया गया है। महिला ने ईमेल के जरिये जैन को एक हजार रुपये के बॉण्ड पेपर पर एक एग्रीमेंट भेजा और फ्रेंचाईजी के लिये जैन को 15 हजार रुपये जमा करने को कहा गया। जैन ने यूपीआई के जरिये यह रकम ट्रांसफर कर दी थी। तीन दिन बाद उन्हें 86,800 रुपये की रकम जमा करने को कहा गया और बताया गया कि यह रकम रिफंडेबल है। इसी तरह क्रमश: 98920 रुपये जीएसटी के लिये और रु. 1,49,800 रुपये ट्रांसपोर्ट और सामग्री शुल्क के तौर पर मांगे गये। जैन उनकी हर मांग को पूरा करते चले गये। बाद में जब रिफंडेबल यानी वापसीयोग्य रकम जैन को नहीं मिली तो उन्होंने इस रकम की मांग की और उन्होंने इस रकम के लिये कुछ चेक्स जैन को भेज दिये। चेक देखकर जैन को शक हुआ और उन्होंने अपने पड़ोसी वकील से इस बारे में बातचीत की। वकील ने जैन को बताया कि उन्हें ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
Editorial

Editorial

Next Story