Pratahkal-Fraud-Fake Share Trading-Mumbai
मुंबई । फर्जी शेयर ट्रेडिंग कंपनी (Fake Share Trading Company) के जरिये एक कारोबारी से 1.07 करोड़ रुपये की ठगी (Fraud) के आरोप में 30 साल के एक शख्स को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार शख्स का नाम अनिल वैदनाथ सोनी सूरत का रहनेवाला है और उसका दफ्तर मुंबई (Mumbai) में है। आरोपी ने दिसंबर में जयपुर के कारोबारी नंदलाल सैनी से ऑनलाइन के जरिये संपर्क किया और सेबी के अधिकृत वित्तीय सलाहकार के तौर पर अपना परिचय दिया। आरोपी ने उस कारोबारी को शेयर मार्केट में निवेश करने के लिये लुभावनी पेशकश दी। आरोपी ने कारोबारी को सोशल मीडिया पर कुछ चुनिंदा पेज फॉलो करने की सलाह दी और कारोबारी को व्हाट्सएप ग्रुप्स में भी शामिल किया गया था। आरोपी ने बताया कि वह निवेश पर फायदेमंद सलाह देने में एक्सपर्ट है।
गिरफ्तार आरोपी और उसके सहयोगियों ने कारोबारी को पैसे कमाने के लिये निशुल्क मार्गदर्शन दिया और कारोबारी नंदलाल सैनी ने 1.07 करोड़ रुपये निवेश किये थे। आरोपियों ने नाममात्र के लिये कारोबारी को एक डिमैट खाता उपलब्ध कराया और इसमें कारोबारी को केवल उसकी निवेश की रकम और कमाई ही देखने को मिलती थी। लेकिन इस कमाई को वह हासिल नहीं कर सकता था। ऐसे में जब कारोबारी को वास्तविक तौर पर कोई कमाई हाथ में नहीं आ रही थी तो उसे अपने साथ ठगी का संदेह हुआ। लिहाजा कारोबारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। ठगी की रकम करोड़ों में होने के कारण मामला आर्थिक अपराध शाखा (ईओआई) को सुपुर्द किया गया। जांच में पुलिस सोनी तक पहुंची जिसका काटारागामा, सूरत में बैंक खाता था जिसमें की बड़ी तादाद में धनराशि स्वीकार की गई थी। सितंबर और दिसंबर 2023 में इसी तरह से करोड़ों का लेनदेन हुआ है। पुलिस के मुताबिक, इससे साफ है कि आरोपी ने अन्य को भी ठगी का शिकार बनाया है।

Next Story