Pratahkal-Drugs
मुंबई । शहर क्राइम ब्रांच टीम ने एक बड़े ड्रग (Drugs) रैकेट का पर्दाफाश और पड़ताल के दौरान कालबादेवी से एक हवाला ऑपरेटर को गिरफ्तार किया और 3.46 करोड़ रुपये की बरामदगी की है। क्राइम ब्रांच इससे पहले सांगली में एक ड्रग उत्पादन फैक्टरी का भंडाफोड किया था और 122 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) नामक नशीला पदार्थ जब्त किया था। जब्त नशीले पदार्थ एमडी की कीमत 245 करोड़ रुपये बताई गई है। इसी क्रम में इस रैकेट से जुड़े तार खंगालते हुये क्राइम ब्रांच ने मुंबई में हवाला ऑपरेटर की गिरफ्तारी और नकदी बरामदगी की है।
गिरफ्तार हवाला कारोबारी का नाम जयेश मोटाभाई ऊर्फ माली (30) है। जयेश पर इस अपराध में मदद और सहयोग का आरोप है। जांच एजेंसी के मुताबिक, यह इस जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी है। आरोपी जयेश पैसों के लेनदेन का अहम जरिया है।
उधर एक हवाला ऑपरेटर के मुताबिक पुलिस बेवजह उसे फंसा रही है। कुछ हवाला ऑपरेटर्स की चिंता यह है कि यदि केवल पैसे के लेनदेन को सुलभ बनाने के लिये अंगडिया को गिरफ्तार किया जायेगा तो इससे समस्या बढ़ेगी। अंगडिया का इन पैसों के स्त्रोत से सीधे कोई संबंध नहीं होता। वे तो बस अपना काम करते हैं। यह जरूरी नहीं है कि आंगडिया को अपराध की जानकारी हो या उसकी उस अपराध में भूमिका हो। लेकिन बिना पूरी तरह तह में गये, सीधे आंगडिया को कानूनी कार्रवाई के निशाने पर लिया जा रहा है। ऐसे में कई हवाला ऑपरेटर्स को कानूनी कार्रवाई का डर सताने लगा है। आरोपी जयेश की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक 12 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
Next Story