electricity
मुंबई। दक्षिण मुंबई (South Mumbai) में पिछले कुछ समय से लगातार बिजली (Electricity) आपूर्ति खंडित होती रही है। इस तरह से बिजली सप्लाई बंद होने की अस्थायी समस्या बारबार पेश आ रही थी। इसके चलते बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (Brihanmumbai Electricity Supply and Transport) (बेस्ट) ने अब दक्षिण मुंबई में तमाम बिजली की तारों को बदलने का फैसला किया है। बेस्ट के मुताबिक, यह काम शुरु कर दिया गया है।
ये बिजली की तारें जमीन के अंदर बिछाई गई हैं। बिजली की यह तारें 80 साल पहले अंग्रेजों के जमाने में बिछाई गई थीं। इतनी पुरानी होने के कारण ही यह तमाम तारें अब जर्जर और खराब हो चुकी हैं और यही वजह है कि अक्सर बिजली आपूर्ति में दिक्कत पैदा हो रही है। बुधवार को इस सप्ताह दूसरी बार दक्षिण मुंबई में बिजली गुल का संकट देखने को मिला है। हालांकि यह समस्या कुछ मिनटों के लिये और अस्थायी तौर पर ही थी। लेकिन चिंताजनक बात यह है कि इस तरह की समस्या अक्सर और बारबार देखने को मिल रही है। बेस्ट इस समस्या से लगातार जूझ रही थी। इसे स्थायी तौर पर ठीक करने के लिये बेस्ट को आठ दशक पुराने इस केबल सिस्टम को बदलना और अपग्रेड करना जरूरी था। इसमें 6 हजार करोड़ से ज्यादा का खर्च आयेगा। इस अपग्रेडेशन के तहत 1000 किमी लंबे भूमिगत केबल नेटवर्क की रिस्ट्रक्चरिंग करना शामिल है। इसके तहत बेस्ट शहर के विविध ठिकानों पर करीब 800 किमी लंबे तथा 70 से 80 साल पुराने केबल्स को बदलने का काम किया जा रहा है।
बेस्ट (Best) उपक्रम कोलाबा से सायन/माहिम इलाके तक करीब 10.5 लाख ग्राहकों को बिजली सप्लाई करती है। लिहाजा यह पुरानी और खराब हो चुकी केबल्स बदली जा रही हैं।
बेस्ट अधिकारियों के मुताबिक, शहर में बिजली की मांग बढ़ती जा रही है। इससे मौजूदा केबल नेटवर्क्स पर लोड बढ़ता ही जा रहा है। शहर में चलनेवाले इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों के कारण भी भूमिगत केबलों को भी नुकसान पहुंचा है। लिहाजा, इन केबल्स को बदले जाने की जरूरत है और इस बारे में काम किया जा रहा है।
Editorial

Editorial

Next Story