bike theft
नवी मुंबई। दिन में दुकान में काम करनेवाले और रात में बाइक चोरी (bike theft) करनेवाले तीन आरोपियों को खांदेश्वर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी आरोपी दिन के समय दुकान में काम करते थे लेकिन रात में पनवेल (Panvel), नवीन पनवेल (Naveen Panvel) और कामोठे (Kamothe) जैसे इलाकों में बुलेट और अन्य मोटरसाइकिलें चुराकर दूसरे राज्यों में बेचा करते थे। आरोपियों के नाम जगदीश चुन्नीलाल माली (24), प्रवीण रामलाल सिरवी (25) और अरविंदकुमार भवरलाल हिरागर (24) हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपी राजस्थान के पाली के रहनेवाले हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, तीनों अलग-अलग जगहों पर मारवाडियों की दुकान में काम करते थे। इसके बाद रात के समय वे दोपहिया वाहन चुराया करते थे। ये चुराये गये वाहन यह तिकडी राजस्थान और अन्य इलाकों में बिक्री के लिये भेज दिया करते थे। पुलिस इस गिरोह में शामिल दो अन्य आरोपियों की अभी तलाश कर रही है। आरोपियों ने पनवेल शहर, कामोठे, खांदेश्वर आदि तमाम इलाकों में दुपहिया वाहनों की चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ 11 मामलों का खुलासा हुआ है और आरोपियों से 5 बुलेट तथा 6 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इन मोटरसाइकिलों की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, जोन – 2 इलाके में पिछले कुछ दिनों से बुलेट गाडियों समेत अन्य मोटरसाइकिलों की चोरी की वारदातों में इजाफा देखने को मिल रहा था। जोन-2 के पुलिस उपायुक्त विवेक पानसरे ने आरोपियों की तत्काल धरपकड़ के निर्देश महकमे को जारी किये थे। पिछले महिने नवीन पनवेल इलाके में स्प्लेंडर मोटरसाइकल की चोरी की घटना सामने आई थी। खांदेश्वर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत लांडगे के मार्गदर्शन में अपराध अन्वेषण शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक समीर चासकर और शरद बरकडे की टीम ने सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा कर जांच शुरु कर दी थी। फुटेज के आधार पर संदिग्ध आरोपियों के लोकेशन का पता चला था। आरोपी अपने दो साथियों के साथ नवीन पनवेल में शिवा कॉम्प्लेक्स इलाके में आने की जानकारी पुलिस टीम को मिली थी। पुलिस ने तड़के जाल बिछाकर आरोपियों को हिरासत में लिया था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने बुलेट और अन्य मोटरसाइकल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने उनसे कुल 8 लाख रुपये कीमत के दोपहिया वाहन बरामद कर लिये हैं।
Editorial

Editorial

Next Story