✕
टाटा पॉवर के आवासीय बिजली बिल में 27 से 44 फीसदी तक होगी बढ़ोत्तरी
By EditorialPublished on
महाराष्ट्र बिजली नियामक आयोग (Maharashtra Electricity Regulatory Commission) (एमईआरसी) के गुरूवार को जारी नवीनतम किराया आदेश के अनुसार, टाटा पॉवर (Tata Powers) के निम्न बिजली खपत के आवासीय ग्राहकों के लिये बिजली किराये में 27 से 44 प्रतिशत की वृद्धि होगी जबकि उच्च खपत वाले ग्राहकों को 34-36 प्रतिशत अधिक भुगतान करना होगा। यह दर वृद्धि 1 अप्रैल से लागू होगी।

x
मुंबई। महाराष्ट्र बिजली नियामक आयोग (Maharashtra Electricity Regulatory Commission) (एमईआरसी) के गुरूवार को जारी नवीनतम किराया आदेश के अनुसार, टाटा पॉवर (Tata Powers) के निम्न बिजली खपत के आवासीय ग्राहकों के लिये बिजली किराये में 27 से 44 प्रतिशत की वृद्धि होगी जबकि उच्च खपत वाले ग्राहकों को 34-36 प्रतिशत अधिक भुगतान करना होगा। यह दर वृद्धि 1 अप्रैल से लागू होगी।
बिजली की दरों में यह वृद्धि केवल टाटा पॉवर के ग्राहकों के लिये है जबकि बेस्ट, अडानी इलेक्ट्रिसिटी (Adani Electricity) और एमएसईडीसीएल (MSEDCL) के ग्राहकों को वर्ष 2024-25 में कोई दर वृद्धि प्रस्तावित नहीं है। उनके लिये 1 अप्रैल 2023 को जारी एमईआरसी के आदेश के अनुसार ही किराया लागू रहेगा। जानकारों के मुताबिक, इस आदेश के बाद आवासीय बिजली ग्राहक टाटा पॉवर को छोड़कर बेस्ट जैसी अन्य कंपनियों का दामन थाम सकते हैं।
दरअसल पिछले कुछ सालों में टाटा पॉवर का संचयी राजस्व अंतर 1374 करोड़ रुपये हो गया है। इसके मद्देनजर कंपनी को राजस्व वसूली कर इस अंतर को पाटने की अनुमति दी गई है। नतीजा यह है कि ग्राहकों पर औसतन 24 प्रतिशत की किराया वृद्धि का बोझ पड़ने जा रहा है।
इस किराया वृद्धि का विरोध भी अब मुखर हो रहा है। विरोधियों के मुताबिक, 10 से 20 फीसदी से अधिक की दर वृदधि किसी यातना से कम नहीं है। ग्राहकों के लिये यह बिजली का एक बेहद तेज झटका साबित होगा। करीब साढ़े सात लाख ग्राहकों को अब अधिक बिजली बिल अदा करना होगा और ऐसे में टाटा पॉवर के ग्राहक बने रहने में शायद ही किसी की दिलचस्पी रह जाये।
मौजूदा दर के हिसाब से 300 यूनिट तक की बिजली का इस्तेमाल करनेवाले निम्न खपत वर्ग के ग्राहकों को जहां अभी तक 2000 रुपये के करीब बिजली बिल देना पड़ता है, उन्हें अब इस दर वृद्धि के बाद 2600 रुपये देने पड़ सकते हैं। दुकानदारों और दफ्तरों के लिये बिजली बिल में 38 फीसदी तक का इजाफा होगा। औद्योगिक ग्राहकों को तो 30 फीसदी महंगी बिजली की मार झेलनी पड़ेगी।
हालांकि टाटा पॉवर अपनी इस दर वृद्धि का बचाव करती नजर आती है। कंपनी के मुताबिक, बावजूद दर वृद्धि के निम्नतम बिजली ग्राहक वर्ग में टाटा की बिजली अन्य कंपनियों के मुकाबले काफी सस्ती ही है और बिजली बिल भी अन्य के मुकाबले कम ही होंगे। 100 से 300 यूनिट के ग्राहकों के लिये जरूर अन्य के मुकाबले थोड़ी अधिक महंगी बिजली हहोगी लेकिन टाटा पॉवर अपनी विश्वसनीयता और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के लिये प्रतिबद्ध है और भविष्य में ग्राहकों को इससे राहत दी जा सकती है।

Editorial
Next Story
Related News
X
