Former CM Ashok Gehlot commented on BJP - Pratahkal
जयपुर (कार्यालय संवाददाता)। पूर्व सीएम अशोक गहलोत (Former CM Ashok Gehlot) ने कहा है कि भाजपा (BJP) के अहम और घमंड की अति हो गई है। भाजपा ने ऐसा माहौल बना दिया, जैसे हम राम भक्त नहीं हैं। पूरा देश सदियों से राम भक्त है। पहले ये हिंदु- मुस्लिम के नाम पर लोगों को बांटते थे, अब तो ये हिंदुओं और राम भक्तों को ही बांटने में लग गए हैं। हिंदुओं और राम भक्तों को दो हिस्सों में बांटना उचित है क्या? उन्होंने कहा- जो आपकी पार्टी में है वो राम भक्त हैं। जो आपकी पार्टी में नहीं है। वह राम भक्त नहीं हैं। सर्टिफिकेट आप दे रहे हो, यह कहां की समझदारी है? गहलोत ने कहा- आप होते कौन हो यह कहने वाले कि आप राम भक्त हो कि नहीं। आपको यह लाइसेंस किसने दिया कि आप कहो कि राम भक्त नहीं हो। हर गांव में हनुमान जी, राम और शिवजी के मंदिर बने हुए हैं। सब लोग आस्था रखते हैं। दरअसल, गहलोत दिल्ली में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

'देश किसके भरोसे चल रहा है, ' पता ही नहीं है'

गहलोत ने कहा- मैं जब गुजरात का प्रभारी था। उस समय भी मोदी जी ने पानी पर जहाज उतारा था। अब ये रामेश्वरम, द्वारका जाकर पानी में डाइव लगा रहे हैं। ये बातें धार्मिक कम हैं, इनका चुनावी एंगल ज्यादा है। जनता को मैसेज देने और चुनाव जीतने की कोशिश है। देश इसे इसी रूप में समझ भी रहा है। देश समझ रहा है, हद हो गई है। ये पांच साल तक कैंपेन करते रहते हैं, इनके पास दूसरा काम नहीं है देश चलाने के लिए। देश किसके भरोसे चल रहा है, पता नहीं है।

'रिमोट से राज्यों को चलाना चाहते हैं, ये जीत गए तो आगे चुनाव होंगे या नहीं'

गहलोत ने कहा- राजस्थान में आप देख लीजिए, चीफ सेक्रेटरी सरकार चला रहे हैं। डिफैक्टो (व्यवहार में) सीएम तो चीफ सेक्रेटरी है। मंत्री तो अपने पीएस (पर्सनल सेक्रेटरी) तक मर्जी से नहीं लगवा पा रहे हैं। ये मैं नहीं कह रहा, यह पूरा प्रदेश कह रहा है। ये इस तरह धीरे-धीरे राज्यों पर कब्जे कर रहे हैं। संविधान में मुख्यमंत्री और मंत्री शपथ लेता है तो उसके हिसाब से उन्हें काम करने देना चाहिए। ये रिमोट से राज्यों को चलाना चाहते हैं।
Editorial

Editorial

Next Story