Pawan Singh Said Thanks to the reader for the trust - Pratahkal
नई दिल्ली (एजेंसी)। भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह (Pawan Singh) ने बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। भाजपा ने शनिवार शाम को लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में 195 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया था। इसी लिस्ट में भाजपा ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह को बंगाल की आसनसोल सीट से उम्मीदवार बनाया था। अब पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर आसनसोल से चुनाव न लड़ने के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को दिल से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी ने मुझ पर विश्वास करके आसनसोल से उम्मीदवार घोषित किया, लेकिन किसी कारणवश में आसनसोल से + चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा। भाजपा की पहली सूची में चार भोजपुरी अभिनेताओं को टिकट दिया गया है जिनमें आसनसोल से पवन सिंह के अलावा उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी, यूपी के गोरखपुर से रवि किशन, यूपी के आजमगढ़ से दिनेश लाल यादव निरहुआ का नाम शामिल है, लेकिन अब पवन सिंह ने आसनसोल से चुनाव लड़ने से इनकार कर सभी को चौंका दिया है। बता दें कि भाजपा के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने से पहले ही पवन सिंह के लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलें चल रही थीं। उन्हें बिहार की आरा सीट से भी कैंडिडेट बनाने की अटकलें थीं। भाजपा ने उन्हें बिहार के बजाय पश्चिम बंगाल से चुनावी मैदान में उतारा है। आसनसोल लोकसभा क्षेत्र झारखंड से सटा हुआ है और यहां बिहारी मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। पवन सिंह यहां भाजपा के लिए बड़ा फैक्टर साबित हो सकते थे। अब जब उन्होंने उम्मीदवार बनने से इनकार कर दिया है तो भाजपा को नए उम्मीदवार की तलाश करनी पड़ेगी। 2019 के लोकसभा चुनाव में आसनसोल लोकसभा सीट से भाजपा के बाबुल सुप्रीयो जीतकर सांसद बने थे। बाद में उन्होंने इस्तीफा देकर टीएमसी में शामिल होने का फैसला किया। इसके बाद 2022 में उपचुनाव हुआ। टीएमसी ने इस सीट से शत्रुघ्न सिन्हा को प्रत्याशी बनाया। उन्होंने भाजपा कैंडिडेट अग्निमित्रा पॉल को करीब 3 लाख वोटों के बड़े अंतर से हराया था।
Editorial

Editorial

Next Story