kashmir
नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में 29 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। जम्मू कश्मीर (Jammu Kashmir) में बर्फबारी (snowfall) हो रही है। शुक्रवार को राज्य के सोनमर्ग (Sonamarg) के हंग इलाके में एवलांच हुआ। इससे दो कारें बर्फ में फंस गई। कार में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया गया। हालांकि, एवलांच से श्रीनगर-लेह हाईवे (Srinagar-Leh highway) बंद हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में 30 मार्च को भी भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई है। 19 राज्यों में बूंदाबांदी की संभावना है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट है। यहां आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, अरूणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट है। राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में बादल छाए रहेंगे। इन राज्यों में गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।
सबसे गर्म 5 शहरों में मप्र महाराष्ट्र के 4
कुछ राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। सबसे ज्यादा गर्मी मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के 5 शहरों में हैं महाराष्ट्र के अकोला में 29 मार्च को 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह पूरे देश में सबसे ज्यादा है। इसके बाद मध्य प्रदेश का दमोह और गुना दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे। तापमान के मामले में आंध्र प्रदेश का नांद्याल चौथे और महाराष्ट्र का परभणी पांचवें नंबर पर रहा। इन सभी शहरों में पारा 40 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 30 मार्च को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 1 अप्रैल से गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है।
अप्रैल-मई में भीषण गर्मी की आशंका
मौसम विभाग के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने शुक्रवार (29 मार्च) बताया कि अप्रैल-मई में तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। इस दौरान हीटवेव चलने की आशंका है। अप्रैल में देश के मध्य भाग में हीटवेव की स्थिति रहेगी। मई सीजन का सबसे गर्म महीना होगा। इस दौरान देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भीषण गर्मी पड़ सकती है।
Next Story