✕
आखिर गोल्ड की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी की वजह क्या है?
By EditorialPublished on
दुनियाभर में गोल्ड की कीमतों (gold prices) में तेज रफ्तार उछाल ने वित्तीय जगत के जानकारों को सकते में डाल दिया है। गोल्ड की कीमतों की लगातार तेज हो रही इस चमक को लेकर अलग-अलग राय है।

x

Mumbai मुंबई। दुनियाभर में गोल्ड की कीमतों (gold prices) में तेज रफ्तार उछाल ने वित्तीय जगत के जानकारों को सकते में डाल दिया है। तमाम जानकार गोल्ड की कीमतों में इस तेजी के रूझान की जड़ तक पहुंचने में और भविष्य में गोल्ड की कीमतों का रूख पकड़ने की माथापच्ची करने में जुटे हैं। गोल्ड की कीमतों की लगातार तेज हो रही इस चमक को लेकर अलग-अलग राय है।
गौरतलब है कि इस वक्त दुनियाभर में गोल्ड की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार कर रही हैं। आम तौर पर स्टॉक मार्केट में आशंकाभरे माहौल में निवेशक गोल्ड में निवेश के लिये दौड़ते हैं। उथलपुथल और कीमतों में हलचल भरे बाजार में गोल्ड को सुरक्षित निवेश माना जाता है। वैश्विक स्तर पर युद्ध संकट और तनाव जैसी स्थितियों में भी निवेश गोल्ड पर ही दांव लगाते हैं। लेकिन मौजूदा वक्त में स्टॉक मार्केट भी तेजी का रूख बनाये हुये हैं। यहां तक की बिटकॉइन की कीमतें भी अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ रही हैं। तो ऐसे माहौल के बावजूद गोल्ड की कीमतें आखिर क्यों तेजी पकड़ रही हैं? यही वह सवाल है जिसे लेकर बाजार के जानकारों के मन में उधेडबुन चल रही है।
जानकारों की मानें तो उम्मीद है कि फेडरल रिजर्व इस साल ब्याज दर में कटौती कर सकता है। इसके चलते निवेशक स्टॉक्स और बॉन्ड्स के बजाये गोल्ड को तरजीह दे रहे हैं। इस वजह के बाद भी गोल्ड की तेज रफ्तार फिलहाल बाजार की समझ से परे ही नजर आती है। गोल्ड ने साल 2021 से अब तक करीब 20 फीसदी का रिटर्न दिया है। साथ ही दुनियाभर में गोल्ड की मांग में भी जोरदार उछाल दर्ज की जा रही है। इस मांग ने भी कीमतों को रफ्तार दी है। हालांकि मांग में इस उछाल ने भी आर्थिक जगत में वही सवाल उछाल दिया है कि गोल्ड के पीछे निवेशकों की इस दीवानगी की सटीक वजह क्या है ? हालांकि यूक्रेन युद्द इसके पीछे की एक बड़ी वजह मानी जा सकती है लेकिन यह वजह काफी नहीं है।
तमाम अंतरराष्ट्रीय जानकार और वित्तीय एजेंसियां हालांकि साफ राय रखती हैं कि आनेवाले समय में गोल्ड की कीमतें में और ज्यादा तेजी देखने को मिलेगी। यानि मौजूदा तेजी का दौर अभी बरकरार रहेगा। यहां घरेलू मोर्चे पर भी गोल्ड ने फिलहाल निवेश के दूसरे तमाम साधनों की चमक फीकी कर दी है। यहां स्टॉक मार्केट ने पिछले कुछ महीने में लगातार नये रिकॉर्ड कायम किये हैं और निवेशकों ने इस तेजी का भरपूर लाभ उठाया है। लेकिन एक तबका मान रहा है कि स्टॉक मार्केट की यह तेजी अब सुधार का गहरा गोता लगा सकती है। ऐसे में निवेशक गोल्ड को इस संभावित मंदी या गिरावट के दौर में बचाव का एक सुरक्षित रास्ता मान रहे हैं। यही वजह है कि अब गोल्ड डिमांड में हैं।

Editorial
Next Story
Related News
X
