Congress - Pratahkal
नई दिल्ली (एजेंसी)। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) के लिए कांग्रेस (Congress) ने दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस की दूसरी लिस्ट में 43 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया गया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हमने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। कांग्रेस ने तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों को भी लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुल नाथ को, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को जालौर से और असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरूण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई को जोरहाट से टिकट दी गई है।
लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को कांग्रेस ने दूसरी लिस्ट जारी की है। कांग्रेस की दूसरी लिस्ट में 6 राज्यों से 43 नामों की घोषणा की गई है। इसमें असम से 12, गुजरात से 7, मध्य प्रदेश से 10, राजस्थान से 10, उत्तराखंड से 3 और दमन द्वीप से 1 उम्मीदवार के नाम की घोषणा की गई है। कांग्रेस की इस लिस्ट में 13 ओबीसी, 10 एससी, 9 एसटी और एक मुस्लिम उम्मीदवार है। बता दें कि कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने लोकसभा चुनाव को लेकर सोमवार को 60 से अधिक इनमें से करीब 40 से अधिक नामों पर सीईसी ने मुहर लगाई थी। कांग्रेस की दूसरी सूची में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुल नाथ का नाम भी शामिल है।
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और सीईसी में शामिल कई अन्य नेताओं, संबंधित राज्यों के प्रभारी एवं वरिष्ठ नेताओं ने बैठक में शिरकत की। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस बैठक में शामिल नहीं हुए।
इस बैठक में उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, असम, गुजरात और दमन दीव के लिए 60 से अधिक उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई थी। पार्टी की सीईसी की यह दूसरी बैठक थी। कांग्रेस ने गत शुक्रवार को 39 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। सूत्रों ने बताया कि राजस्थान की जालोर सिरोही सीट से वैभव गहलोत के नाम को मंजूरी दी गई है। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए राहुल कस्वां अपने वर्तमान संसदीय क्षेत्र चुरू से ही चुनाव लड़ेंगे। टोंक सवाई माधोपुर से हरीश मीणा को उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
Editorial

Editorial

Next Story