Mega block
ठाणे। ठाणे स्टेशन (Thane station) के प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 पर बढ़ती भीड़ और जगह की दिक्कत के चलते इन प्लेटफॉर्मों की चौड़ाई बढ़ाने का फैसला किया गया है। लिहाजा अगले तीन महीनों के भीतर इस काम के लिये रेल प्रशासन 60 घंटों (60 hours) का मेगा ब्लॉक (Mega block ) संचालित करने जा रहा है। इस सप्ताह स्टेशनों के सुधार के संबंध में आयोजित एक बैठक में इस योजना की घोषणा की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, प्लेटफॉर्मों की चौड़ाई करीब 3 मीटर तक बढ़ाई जायेगी। कार्य के दौरान डाउन तेज लाइनों को पश्चिम की ओर शिफ्ट किया जा सकता है क्योंकि वहां अप तेज और अप धीमी लाइन के बीच काफी सारी खाली जगह है। इन प्लेटफार्मों पर अप डाउन तेज उपनगरीय लोकल सेवाओं (local services) के अलावा आउटस्टेशन ट्रेन्स भी ठहरती हैं और कई यहीं से चलती भी हैं। ऐसे में यहां खाद्य पदार्थों के स्टॉल्स, पानी की टंकियों, सीटों और फूट ओवर ब्रिजों की लैंडिंग इत्यादि के लिये काफी सीमित स्थान है। यही वजह है कि प्लेटफॉर्मों की चौड़ाई बढ़ाना आवश्यक हो गया है। ठाणे स्टेशनों पर रोजाना करीब 6 लाख से ज्यादा यात्रियों की आवाजाही होती है और इस चौड़ीकरण से यात्रियों के एक बड़े तबके को काफी राहत मिलेगी।
Next Story