Pratahkal-young man died due to electrocution while cleaning in Dominos Pizza
ठाणे । ठाणे (Thane) से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ठाणे के गांधीनगर नलपाड़ा परिसर में वर्तकनगर पुलिस सीमा के अंतर्गत डोमिनोज पिज्जा (Dominos Pizza) में काम करने वाले एक युवक की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। आकस्मिक मौत की यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना बुधवार सुबह लगभग 6 बजे की है। वर्तकनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। 24 वर्षीय महेश अनंत कदम साईसेवा सोसायटी, शिवाजी नगर में अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहता था। मृतक महेश घर का अकेला कमाने वाला था। वह वर्तकनगर में डोमिनोज पिज्जा में काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। शुरुआत में डोमिनोज पिज्जा में डिलीवरी बॉय के रूप में काम किया। इसके बाद उसके काम को देखकर उसे वर्तकनगर के नालपाड़ा स्थित डोमिनोज पिज्जा सेंटर में नौकरी पर रख लिया गया। मृतक महेश मंगलवार को नाइट शिफ्ट में काम कर रहा था। ओवरटाइम काम करते हुए बुधवार की सुबह जल्दी घर जाने से पहले उसे डोमिनोज पिज्जा की दुकान में सफाई का काम दिया गया था। बुधवार सुबह प्रेशर पानी से सफाई करते समय बिजली के तार से झटका लगने से महेश की दुर्भाग्यवश मौके पर ही मौत हो गई। उक्त घटना घटित होते ही वर्तकनगर पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे। महेश के शव का पंचनामा करते हुए शव को सिविल सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। स्थानीय लोगों के बीच ऐसी चर्चा चल रही है कि बुजुर्ग मां की देखभाल कर रहे महेश की दुर्भाग्यपूर्ण आकस्मिक मृत्यु के बाद बुजुर्ग मां कैसे अपना गुजारा करेगी।
Editorial

Editorial

Next Story