tax
मुंबई। राज्य सरकार द्वारा मुंबई महापालिका (Mumbai Municipal Corporation) क्षेत्र में वर्ष 2023-24 के प्रॉपर्टी टैक्स (Property tax) बढ़ोत्तरी पर स्थगनादेश के अध्यादेश के मददेनजर मनपा ने अपने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स के बिलों के वितरण की तैयारी शुरु कर दी है। फरवरी के अंत तक प्रॉपर्टीधारकों को उनके प्रॉपर्टी टैक्स के बिल मिल जायेंगे।
इस दौरान, मनपा ने 2023-24 में प्रॉपर्टी टैक्स के 4500 करोड़ रुपये की वसूली (recovery) का लक्ष्य रखा है। अब तक 863 करोड़ रुपये बतौर प्रॉपर्टी टैक्स वसूले जा चुके है। मार्च में वित्त वर्ष की समाप्ति है और इसी को देखते हुये मनपा के सामने हजारों करोड़ के प्रॉपर्टी टैक्स वसूल करने की चुनौती है।
मनपा ने लगातार चौथे साल प्रॉपर्टी टैक्स में बढ़ोत्तरी नहीं करने का फैसला किया है। राज्य मंत्रिमंडल ने इस निर्णय को 5 फरवरी को मंजूरी दी है। पिछले सप्ताह राज्यपाल ने इसपर हस्ताक्षर कर दिये है। अब इस संबंध में अध्यादेश जारी होने के बाद मनपा को विगत वर्षों के बिल जारी करने होंगे। टैक्स बढ़ोत्तरी को लेकर जारी असमंजस के चलते मनपा ने वर्ष 2023-24 के वित्त वर्ष के टैक्स के दोनों छमाही के बिल जारी नहीं किये है। दिसंबर महीने में ऑनलाइन पद्धति से बिल जारी करने शुरु किये गये थे। लेकिन 15 से 20 फीसदी बढ़ोत्तरी के बिल होने के कारण इसे गंभीर राजनीतिक विरोध का सामना करना पड़ा था। सुप्रीम कोर्ट ने मनपा के टैक्स सिस्टम में कुछ सुधार करने के निर्देश दिये थे। ये सुधार किये बिना ही नयी दरवृद्धि के साथ बिल जारी होने के कारण यह विरोध किया जा रहा था। इसके बाद मनपा ने ये बिल वापस लेते हुये नये बिल जारी करने का आश्वासन दिया था। अब फैसला हो गया है और प्रॉपर्टी टैक्स में कोई बढ़ोत्तरी नहीं होने जा रही। लिहाजा अब मनपा को नये बिल छापकर वितरित करना है।
Editorial

Editorial

Next Story