PM Narendra Modi on Solare energy - Pratahkal
जयपुर ( कार्यालय संवाददाता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राजस्थान में करीब 17 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में जयपुर को खातीपुरा सेटेलाइट स्टेशन की सौगात दी गई। साथ ही रेलवे, सड़क, ऊर्जा, पेयजल, पेट्रोलियम सहित अन्य विभागों के प्रोजेक्ट्स शामिल रहे। योजनाओं का शिलान्यास करने के बाद प्र.म. मोदी ने कहा- केंद्र की भाजपा सरकार ने बहुत ही महत्वपूर्ण योजना की शुरूआत की है। इसका नाम पीएम सूर्य घर है। इसका मतलब है, मुफ्त बिजली योजना। इसके तहत सरकार की तैयारी हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का इंतेजाम करने की है।
उन्होंने कहा- इसकी शुरूआत में देशभर में एक करोड़ परिवारों को जोड़ा जाएगा। इसमें केंद्र सरकार छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए हर परिवार के बैंक खाते में सीधे मदद भेजेगी। इसमें 75 हजार करोड़ खर्च होंगे। इसका फायदा मिडल क्लास और निम्न मध्यम वर्ग लोगों को मिलेगा। उनकी घर की बिजली मुफ्त हो जाएगी। सोलर पैनल लगाने के लिए बैंक से सस्ता लोन दिलाया जाएगा। राजस्थान सरकार ने भी 5 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने की योजना बनाई है।

'आपने कांग्रेस को सबक सिखाया, लेकिन अभी भी नहीं मान रहे'

प्र.म. मोदी ने कहा- इन कांग्रेसवालों को आपने अभी कुछ समय पहले ही सबक सिखाया है। लेकिन यह अभी भी नहीं मान रहे हैं। यह तो कहते हैं कि मोदी को गाली दो। जो मोदी को गाली देता है, उसको यह गले लगाते हैं। यह विकसित भारत यात्रा को नहीं मानते। यह लोकल फॉर वोकल नहीं बोलते, क्योंकि मोदी इसके लिए आग्रह करता है। यह घोर मोदी विरोधी हैं। कांग्रेस परिवारवाद में फंसी हुई है। आज हर कोई कांग्रेस का साथ छोड़ रहा है। आज पूरे देश में एक ही चर्चा है अबकी बार एनडीए 400 पार।

ये प्रोजेक्ट खास

शिलान्यास कार्यक्रम में जयपुर और आगरा मंडल के लिए सबसे महत्वपूर्ण खातीपुरा स्टेशन पर लंबित कोच केयर कॉम्प्लेक्स और बांदीकुई-आगरा ट्रैक डबलिंग प्रोजेक्ट का भी शिलान्यास किया गया। प्रधानमंत्री राजस्थान में लगभग 2275 करोड़ की लागत से 8 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

खातीपुरा में 205 करोड़ से कोच केयर कॉम्प्लेक्स बनेगा

खातीपुरा को जयपुर स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव कम करने के लिए टर्मिनल स्टेशन बनाया गया है। हालांकि इसे 2012-13 में बनाए जाने की स्वीकृति मिल गई थी। लेकिन बजट नहीं दिए जाने के कारण इसे विकसित नहीं किया जा सका। लेकिन अब इस काम को पूरा हुए करीब एक साल हो गए। शुक्रवार को प्रधानमंत्री टर्मिनल स्टेशन का शुभारंभ किया। 205 करोड़ की लागत से बनने वाले कोच केयर कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास किया।
ट्रेन ऑपरेशन एक्सपर्ट आशीष पुरोहित और रजनीश शर्मा बताते हैं कि रेलवे द्वारा चरणबद्ध तरीके से अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, सहित विभिन्न शहरों की जयपुर से ओरिजनेट/टर्मिनेट होने वाली ट्रेनों को खातीपुरा से चलाया जाएगा। हालांकि कोच केयर कॉम्प्लेक्स को बनने में करीब एक साल लगेंगे। ऐसे में ट्रेनों को यहां से ओरिजनेट/टर्मिनेट तो किया जाएगा, लेकिन इनका मेंटेनेंस जयपुर में ही किया जाएगा। 16.78 हेक्टेयर भूमि में बनाए जाने वाले कॉम्प्लेक्स में 8 लाइन बनाई जाएंगी। यहां कोच के पहियों (व्हील) की जांच के लिए व्हील डायग्नोस्टिक सिस्टम (डब्ल्यूडीएस) भी लगाया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले ये प्लांट 476 करोड़ की लागत से खातीपुरा के पास भटेसरी में बनाया जाना था।
Editorial

Editorial

Next Story