Farmers Protest
Farmers Protest अंबाला (एजेंसी)। दिल्ली जाने की जिद पर अड़े किसानों और केंद्र के बीच गुरूवार को शाम 5 बजे चंडीगढ़ (Chandigarh) में तीसरी मीटिंग (third meeting) होगी। बुधवार को पटियाला के एक होटल में किसान नेता जगजीत डल्लेवाल और सरवण पंधेर ने पंजाब के अधिकारियों से मीटिंग के बाद यह जानकारी दी। इस मीटिंग में केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय मौजूद रहेंगे। सरवण पंधेर ने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस की बजाय अब पैरामिलिट्री फोर्स उन पर अटैक कर रही है।
वहीं आंदोलन के दूसरे दिन किसान मजदूर मोर्चा और बीकेयू (सिद्धपुर) की अगुआई में किसान पंजाब और हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। बुधवार को भी दिनभर यहां किसान और पुलिस आमने-सामने रही। किसानों ने हरियाणा में घुसने की कोशिश की तो पुलिस आंसू गैस के गोले फेंकती रही। प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन पर असली गोलियां चलाई हैं।
खनौरी बॉर्डर पर किसानों और पैरामिलिट्री फोर्स के बीच झड़प हुई। जवानों ने किसानों का पीछा किया तो आगे उनसे ज्यादा किसान जमा हो गए। जिन्होंने जवानों को घेरकर उनके हेलमेट और डंडे छीन लिए। किसानों पर आंसू गैस के गोले फेंकने की घटना के बाद दूसरे संगठन भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में आ गए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने गुरूवार दोपहर 11 से 2 बजे तक 3 घंटे पंजाब के सभी टोल प्लाजा फ्री करवाने का ऐलान किया है।
भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) ने पंजाब के 6 जिलों में दोपहर 12 से 4 बजे तक ट्रेनें रोकने का ऐलान किया है। हरियाणा की भारतीय किसान यूनियन (चढूनी ग्रुप) के प्रमुख गुरनाम चढूनी ने समर्थकों की कल 11 बजे इमरजेंसी मीटिंग बुला ली है। इससे पहले हरियाणा सरकार ने राज्य के 7 जिलों में इंटरनेट बैन बढ़ाकर 15 फरवरी रात 12 बजे तक कर दिया है।
Editorial

Editorial

Next Story