✕
'अब नहीं होता भर्ती में रिश्वत का खेल'
By EditorialPublished on
नई दिल्ली (एजेंसी)। रोजगार मेले के अंतरगत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोमवार को एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र बांटे हैं। आम चुनाव से पहले यह आखिरी रोजगार मेला था।

x

नई दिल्ली (एजेंसी)। रोजगार मेले के अंतरगत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोमवार को एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र बांटे हैं। आम चुनाव से पहले यह आखिरी रोजगार मेला था। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिल्ली में कर्मयोगी भवन की आधारशिला भी रखी। मिशन कर्मयोगी से संबंधित गतिविधियों के लिए इस परिसर का उपयोग किया जाएगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूपीए सरकार की तुलना में पिछले 10 साल में डेढ़ गुना से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूपीए के दौर में नौकरी के लिए विज्ञापन जारी होने से लेकर नियुक्ति पत्र देने तक बहुत लंबा समय लग जाता था तथा इसका फायदा उठाकर 'रिश्वत का खेल' भी जमकर होता था। प्रधानमंत्री ने कहा, हमने भारत सरकार में भर्ती की प्रक्रिया को अब पूरी तरह पारदर्शी बना दिया है। इतना ही नहीं, सरकार का बहुत जोर है कि भर्ती प्रक्रिया एक तय समय के भीतर पूरी कर ली जाए। इससे हर युवा को अपनी योग्यता साबित करने का समान अवसर मिलने लगा है। उन्होंने कहा, आज, प्रत्येक युवा का मानना है कि वे कड़ी मेहनत और कौशल की बदौलत नौकरी हासिल कर सकते हैं। वर्तमान सरकार ने पिछले 10 वर्षों में पिछली सरकारों की तुलना में 1.5 गुना अधिक युवाओं को नौकरी दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब यात्रा की बात आती है तो रेलवे आम लोगों की पहली पसंद है। मोदी ने इस तथ्य की ओर ध्यान आकर्षित किया कि भारत में रेलवे बड़े पैमाने पर बदलाव के दौर से गुजर रही है और अगले दशक में इस क्षेत्र का पूरी तरह कायाकल्प होगा। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले रेलवे पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया था जबकि आज रेल लाइनों का विद्युतीकरण और दोहरीकरण बढ़ा है और साथ ही नयी ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने और यात्रियों के लिए सुविधाओं में भी वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में उनके सत्ता में आने के बाद रेलवे के आधुनिकीकरण और उन्नयन पर ध्यान केंद्रित करते हुए पूरे ट्रेन यात्रा अनुभव को फिर से नया बनाने के लिए एक अभियान शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के बजट के तहत वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी 40,000 आधुनिक बोगियां तैयार कर उन्हें सामान्य ट्रेनों में जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों के लिए सुविधा और सहूलियत बढ़ेगी। संपर्क के दूरगामी प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने नए बाजारों, पर्यटन के विस्तार, नए व्यवसायों और बेहतर संपर्क के कारण लाखों नौकरियों के सृजन का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा, विकास को गति देने के लिए बुनियादी ढांचे में निवेश बढ़ाया जा रहा है। हाल के बजट में बुनियादी ढांचे में निवेश के लिए 11 लाख करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि नई रेल, सड़क, हवाई अड्डे और जलमार्ग परियोजनाएं रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी। यह देखते हुए कि कई नयी नियुक्तियां अर्धसैनिक बलों में हुई हैं, प्रधानमंत्री ने अर्धसैनिक बलों के लिए चयन प्रक्रिया में सुधार पर ध्यान दिया और बताया कि इस जनवरी से परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी के अलावा 13 भारतीय भाषाओं में आयोजित की जाएगी।

Editorial
Next Story
Related News
X
