Rape Accused Escaped by breaking window in Jaipur - Pratahkal
जयपुर (प्रासं)। जयपुर के बाल सुधार गृह से सोमवार की सुबह 22 नाबालिग खिड़की तोड़कर फरार हो गए। इनमें 8 लड़कों पर रेप और 13 लड़कों पर हत्या के प्रयास का केस चल रहा हैं। जबकि एक पर हत्या का मुकदमा दर्ज है। गार्ड से जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिगों की तलाश शुरू की गई। घटना सेठी कॉलोनी स्थित बाल सुधार गृह की है। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने बताया- सुबह 4 से 5 बजे के बीच बाल अपचारी जाली काटकर भाग निकले। इसकी जानकारी गार्ड ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। जानकारी के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल देखा। नाबालिग बच्चों का रिकॉर्ड पुलिस ने बाल सुधार गृह से ले लिया है। साथ ही नाबालिग के घरों के पास वाले थाने को भी सूचना दी गई है। पुलिस को बाल सुधार गृह की ओर से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस के अनुसार, ऐसा पहली बार हुआ है जब इतनी बड़ी संख्या में नाबालिग बाल सुधार गृह से एक साथ फरार हुए हो। सभी बाल अपचारी करीब 2 साल से बाल सुधार गृह में रह रहे थे।

गैस कटर से खिड़की के एंगल को काटकर भागे

पुलिस ने बताया- अब तक की जांच में सामने आया है कि किसी बाहरी व्यक्ति ने नाबालिगों को भगाने की प्लानिंग की है। पहले नाबालिगों ने गैस कटर से खिड़की के एंगल को काटा। फिर जाली काटने के बाद सुबह पागल खाने के रास्ते होते हुए फरार हो गए। सिक्योरिटी गार्ड ने एक बाल अपचारी को भागने के दौरान पकड़ लिया था।

रिपोर्ट लेकर दर्ज करेंगे शिकायत

डीसीपी ईस्ट ज्ञानचंद यादव ने बताया- जानकारी मिलने पर नाबालिगों के घर और संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमों को भेज कर जांच कराई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। एक रिपोर्ट लेकर इन नाबालिगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की जाएगी। सभी नाबालिगों के परिवार को जानकारी दे दी गई है।
Editorial

Editorial

Next Story