central crime branch
मुंबई। सेंट्रल क्राइम ब्रांच की एक टीम ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर नाबालिग लड़की को अश्लील संदेश और फोटो भेजने वाले आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस मामले को लेकर नाबालिग लड़की के पिता ने मीरा रोड पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मीरा रोड पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय अपराध जांच सेल ने भी मामले की जांच की और गुजरात पुलिस की मदद से आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में नाबालिग लड़की के मोबाइल फोन पर उसे इंस्टाग्राम पर एक आईडी से अश्लील फोटो और संदेश मिला था। इस बात की जानकारी लड़की ने परिजनों को दी जिसके बाद पुलिस में शिकायक की गई। मामले में मीरा रोड पुलिस ने बीएनएस की धारा 78,79 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम धारा 67, 67 (ए) के साथ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम धारा 12 के तहत अपराध दर्ज किया था।
केंद्रीय अपराध जांच सेल द्वारा भी इस अपराध की समानांतर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान इंस्टाग्राम आईडी से आरोपी का पता चला। उसकी पहचान 20 वर्षीय दीप विजयभाई सोलंकी के तौर पर हुई जो गुजरात का निवासी है। आरोपी के बारे में प्रारंभिक जानकारी हासिल होने के बाद पुलिस ने एक टीम को अंकलेश्वर, गुजरात भेजा जहां से स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
Editorial

Editorial

Next Story