Kandiwali
मुंबई कांदिवली (Kandivali)स्टेशन पर यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिलने वाली है। मुंबई रेलवे विकास निगम (एमआरवीसी) ने स्टेशन सुधार परियोजनाओं के तहत पश्चिमी ओर एक नया डेक और फुट ओवरब्रिज (एफओबी) चालू किया है। एमआरवीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुनील उदासी ने बताया कि 10.4 मीटर चौड़ा और 45 मीटर लंबा यह एलिवेटेड डेक प्लेटफॉर्म नंबर 1 से जुड़ा हुआ है और इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए एस्केलेटर भी लगाया गया है।
स्टेशन के दक्षिणी हिस्से में 40 मीटर लंबा और 10 मीटर चौड़ा नया एफओबी भी बनाया गया है, जो प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2/3 और 4 को तीन सीढ़ियों के माध्यम से जोड़ता है। कांदिवली स्टेशन सुधार परियोजना 2023 में शुरू हुई थी, जिसके तहत कई सुधार कार्य किए जा रहे हैं। इनमें दक्षिण और उत्तर एफओबी को जोड़ने वाला 263 मीटर लंबा डेक, 84 मीटर लंबा उत्तर एफओबी, 42 मीटर लंबा मध्य एफओबी, सात सीढ़ियां, तीन लिफ्ट और चार एस्केलेटर शामिल हैं।
इसके अलावा, स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में एक नया भवन बनाया जाएगा, प्लेटफॉर्म नंबर 1 को चौड़ा किया जाएगा और उत्तर की ओर शौचालय ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। नए दक्षिण एफओबी को प्लेटफॉर्म 2/3 और 4 के मौजूदा दक्षिण एफओबी से जोड़ने के लिए चार मीटर चौड़ा स्काईवॉक भी बनाया जा रहा है।
परियोजना का कुछ हिस्सा अभी निर्माणाधीन है, जिसमें 197 मीटर लंबा डेक, उत्तर एफओबी, दो अतिरिक्त लिफ्ट, तीन सीढ़ियां, तीन एस्केलेटर, स्काईवॉक और उत्तर की ओर शौचालय ब्लॉक शामिल हैं। इस परियोजना पर 55 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसे दिसंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है। सुनील उदासी ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद यह स्टेशन पर भीड़भाड़ को काफी हद तक कम करेगा और यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाएगा।
Editorial

Editorial

Next Story