Jodhpur Murder Case

मुंबई । एक बड़ी खबर के अनुसार, राजस्थान के जोधपुर में एक ‘ब्यूटीशियन’ की कथित तौर पर हत्या (Jodhpur Murder Case) करके शव के टुकड़े-टुकड़े कर गड्ढे में छिपाने के आरोपी को पुलिस ने मुंबई (Mumbai) से सफलतापूवर्क गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस बाबत पुलिस ने बताया कि, आरोपी गुलामुद्दीन फारूकी बीते 9 दिन से फरार था और उसे वी पी रोड पुलिस थाने के अधिकारियों और राजस्थान पुलिस के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के दक्षिण मुंबई में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। वहीं आरोपी को जोधपुर पुलिस को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि ‘ब्यूटीशियन’ अनीता चौधरी (50) की हत्या गुलामुद्दीन ने अक्टूबर के आखिरी हफ्ते की थी और हत्या का मकसद सोने के उन आभूषणों को लूटना था जो अनीता पहने हुए थी।
वहीं आरोपी ने हत्या के बाद शव के टुकड़े-टुकड़े करके उसे अपने घर के पास 10 फुट गहरे गड्ढे में छिपा दिया था। यह घटना 28 अक्टूबर को सामने आई। पुलिस अधिकारी के अनुसार, जांच के दौरान पता चला कि अनीता गुलामुद्दीन के घर गई थी और उसके बाद से ही लापता थी।
इस बाबत गुलामुद्दीन की पत्नी से पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसके पति ने ही हत्या की है। पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने बताया कि, अनीता की हत्या के बाद गुलामुद्दीन गिरफ्तारी से बचने के लिए मुंबई आ गया था।
यह भी खबर है कि, आरोपी बीते 4 दिनों से साउथ मुंबई में ही छुपा हुआ था। वहीं वह पकड़े जाने से बचने के लिए बार-बार अपना लोकेशन भी बदल रहा था। बाद में मुखबिर से उसके साउथ मुंबई स्थित घर में छुपे होने की सूचना मिली। तब पुलिस ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
Editorial

Editorial

Next Story