ms dhoni
नई दिल्ली (एजेंसी)। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने भले ही आईपीएल (IPL) के अगले सीजन में खेलने को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन उनकी टीम चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि वे धोनी के साथ रिटेंशन को लेकर चर्चा करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सीएसके और धोनी के बीच अक्तूबर के मध्य में बैठक हो सकती है।
आईपीएल की शीर्ष परिषद ने हाल ही में पुराने नियम को फिर से लागू करने का निर्णय लिया था जिसमें संन्यास ले चुके भारतीय खिलाड़ी (जिन्होंने पांच साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है) उन्हें अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर शामिल हो सकते हैं। इससे सीएसके को राहत मिली जो अब धोनी को अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर पंजीकृत कर सकते हैं और 4 करोड़ रूपये के वर्ग में रिटेन कर सकेंगे। इसके अलावा नीलामी में अन्य खिलाड़ियों को लेने के लिए उनके पास फंड भी रहेगा। रिपोर्ट के अनुसार, धोनी अमेरिका दौरे से लौट आए हैं और एक या दो सप्ताह में सीएसके के साथ बातचीत करेंगे।
6 खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती हैं फ्रेंचाइजी
नए नियम के अनुसार, सभी 10 आईपीएल फ्रेंचाइजी अपनी पुरानी टीम से 6 खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती हैं जिसमें से विदेश और भारतीय मिलाकर अधिकतम 5 कैप्ड खिलाड़ी और अधिकतम 2 अनकैप्ड खिलाड़ी हो सकते हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा का मानना है कि धोनी रिटेंशन (Retention) वाले खिलाड़ियों में शामिल होंगे।
अजय जडेजा बोले- धोनी, गायकवाड़ और जडेजा को रिटेन करेगी सीएसके
जडेजा (Jadeja) ने कहा, धोनी रिटेन होने वाले खिलाड़ियों में शामिल होंगे और इसमें कोई शक नहीं है क्योंकि वह अब अनकैप्ड खिलाड़ी हैं। उन्होंने टीम के लिए काफी कुछ किया है और उनकी टीम में नंबर एक खिलाड़ी होने की इच्छा नहीं होगी। टीम में उनकी क्या वैल्यू है, इस पर कोई सवाल नहीं है। ऋतुराज गायकवाड़ टीम के कप्तान हैं और उनके नेतृत्व में अच्छा सीजन बीता था तो उम्मीद है कि उन्हें भी रिटेन किया जाएगा।
Editorial

Editorial

Next Story