arrested
मुंबई। कपड़ा एजेंट बनकर एक कारोबारी से 10 करोड़ 14 लाख रुपये की ठगी के आरोपी को मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम राजू चौहान (34) है। चौहान को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। गुरूवार को आरोपी को चौहान को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे रविवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। ठगी के इस मामले में ईओडब्ल्यू ने अब तक पांच गिरफ्तारियां की हैं। दो आरोपी अभी भी फरार है। सितंबर 2023 से मई 2024 के बीच कौशिक व्यास और गोपाल चंडक ने कपड़ा एजेंट बनकर कारोबारी शैलेश कोठारी को बाजार भाव से अच्छे भाव पर कपड़ा खरीदने की पेशकश की थी। शुरूआत में उन्होंने कोठारी का भरोसा हासिल करने के लिये भुगतान भी ठीक से किया। इसके बाद, इन दोनों ने कोठारी को कई कंपनियों में अपने सहयोगियों के साथ मिलाया और कोठारी से 10 करोड़ 14 लाख रुपये का कपड़ा खरीदा। इसके बाद आरोपियों ने ना तो कोई भुगतान किया और ना ही कोठारी का कपड़ा लौटाया। कारोबारी कोठारी ने एलटी मार्ग पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायत दर्ज की। यह मामला ईओडब्ल्यू को सौंप दिया गया जिसके बाद ईओडब्ल्यू ने पिछले कुछ दिनों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 22 अक्तूबर को ईओडब्ल्यू ने पांचवे आरोपी चौहान को सूरत के देवाध से गिरफ्तार किया है।इस मामले में दो आरोपी अभी भी फरार है।
Next Story