C-130 Night Landing Kargil
नई दिल्ली/ लद्दाख (एजेंसी)। लद्दाख के कारगिल (Kargil) में एयरफोर्स (air force) ने पहली बार सी-130जे सुपर हरक्यूलिस विमान की नाइट लैंडिंग कराई है। वायुसेना ने रविवार को सोशल मीडिया पर इसका वीडियो जारी किया। इस वीडियो में सेना के कमांडोज भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के साथ एयरफोर्स ने लिखा- सी-130जे विमान को कारगिल में उतार कर इतिहास रचा गया है। अब रात के अंधेरे में भी निगरानी और दुश्मनों पर हमला किया जा सकता है।
जवानों ने टेरेन मास्किंग एक्सरसाइज की
वायुसेना की तरफ से जारी वीडियो में सेना के कमांडो को टेरेन मास्किंग एक्सरसाइज करते हुए देखा गया। ये एक खास तरह का सैन्य अभियान होता है, जो दुश्मन से छिपकर अपने मिशन को अंजाम तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। हालांकि वायुसेना ने इस एक्सरसाइज को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी है।
लद्दाख में नाइट लैंडिंग खतरनाक
लद्दाख के कारगिल में मौजूद हवाई पट्टी समुद्र तल से 8,800 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर है। यह इलाका ऊंची पहाड़ियों और घने जंगलों से घिरा हुआ है। ऐसे में यहां लैंडिंग काफी मुश्किल मानी जाती है। रात के अंधेरे में लैंडिंग करना और भी चुनौतीपूर्ण होता है। इस दौरान न सिर्फ पहाड़ों से बचना होता है, बल्कि सिर्फ नेविगेशन के जरिए ही विमान उतारना पड़ता है।
एयरफोर्स ने 68 हजार जवान लद्दाख भेजे
भारत ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी एलएसी पर 68 हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया है। इसके अलावा एयरफोर्स की मदद से करीब 90 टैंकों और वेपन सिस्टम्स को भी लद्दाख ले जाया गया। सुखोई एसयू-30 एमकेआई और जगुआर जैसे प्लेन्स से दुश्मन के जमावड़े पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही थी।
पिछले 69 साल से लगातार सर्विस में सी-130
सी-130 विमान ने 1954 में पहली बार उड़ान भरी थी । इस चार इंजन वाले ट्रांसपोर्ट विमान को अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने बनाया था। बाद में नए इंजन, फ्लाइट डेक और एडवांस सिस्टम के साथ अपग्रेड हुए प्लेन को सी-130जे नाम दिया गया। भारत समेत 20 से ज्यादा देश इस विमान का इस्तेमाल करते हैं।
Next Story