Pratahkal-Film Actor-Rakesh Bedi-Online Fraud
मुंबई । मशहूर अभिनेता राकेश बेदी (Rakesh Bedi) (69) भी ऑनलाइन ठगी (Online Fraud) का शिकार हो गये हैं। सेना कर्मचारी के तौर पर खुद को पेश कर ठग ने बेदी के खाते से 85 हजार रुपये उड़ा लिये। बेदी पुणे स्थित अपना फ्लैट 87 लाख रुपये में बेचना चाहते थे। आरोपी ने एक हाउसिंग सेल पोर्टल के जरिये बेदी का कॉन्टैक्ट नंबर हासिल किया था। अभिनेता ने 30 दिसंबर को ओशिवरा पुलिस में ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने अपना नाम आदित्य कुमार बताया था। उसने बेदी को बताया था कि वह फौजी है और ऑनलाइन पोर्टल के जरिये उसे बेदी के फ्लैट बिक्री प्रस्ताव की जानकारी मिली थी। आदित्य ने बताया था कि उसका वरिष्ठ अधिकारी फ्लैट खरीदना चाहता है। अभिनेता राकेश बेदी के मुताबिक, उन्होंने इस आदित्य कुमार नाम के फर्जी सैन्यकर्मी पर भरोसा इसलिये कर लिया क्योंकि इससे पहले भी वह अपना फ्लैट एक सैन्यकर्मी को बेच चुके हैं और वह सौदा सही ढंग से हो गया था। आदित्य ने बेदी को एक बैंक खाता नंबर दिया था और 1 रुपये जीपे के जरिये ट्रांसफर करने को कहा। बेदी ने जब ट्रांसफर कर दिया तो बेदी को 50 हजार रुपये ट्रांसफर करने को कहा गया। बाद में बेदी को आदित्य ने सूचित किया कि 50 हजार बेदी के खाते में फिर से ट्रांसफर कर लौटा दिये गये हैं। हालांकि बेदी के खाते में रकम नहीं आई थी। आदित्य ने बेदी को बताया कि यह भारतीय सेना का खाता है और इसलिये दोनों के खाते में समान धनराशि शेष होना चाहिये। इस तरह से बातों में फंसाकर बेदी से आदित्य ने 25 हजार और 10 हजार की रकम ट्रांसफर करवा ली। लेकिन इसके बाद आरोपी ने बेदी से संपर्क तोड़ लिया। बेदी को तब जाकर ठगी का पता चला और उन्होंने ओशिवरा पुलिस में ठगी की शिकायत दर्ज कराई।
Editorial

Editorial

Next Story