gold
मुंबई। स्वर्णाभूषण (gold jewelery) तैयार करने के लिये पनवेल (Panvel) के दो जूलरों से 1 करोड़ 90 लाख रुपये कीमत का 3 किलो 80 ग्राम वजन का शुद्ध सोना लेकर जवेरी बाजार (Zaveri Bazaar) के एक जूलर के फरार होने का मामला सामने आया है। फरार जूलरी कारोबारी का नाम रजीतसिंह भंवरसिंह सिसोदिया है। कामोठे पुलिस ने सिसोदिया के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज जांच और उसकी तलाश शुरु कर दी है।
इस मामले में बाबा कोलेकर (31) शिकायतकर्ता हैं और वे कामोठे इलाके में रहते हैं। कोलेकर की कामोठे इलाके में जय मातादी गोल्ड शॉप नामक जूलरी शॉप है। पिछले अक्तूबर महीने में कोलेकर के पास कर्नाटक बेलगांव स्थित एक ग्राहक ने 1 किलो 80 ग्राम वजन का शुद्ध सोना स्वर्णाभूषण तैयार करने के लिये दिया था। कोलेकर ने यह सोना जवेरी बाजार में कोमल ज्वेलर्स के मालिक रजीत सिसोदिया को दिया था। रजित और उसका कारीगर भरयसिंह ये दोनों खुद कोलेकर की जूलरी शॉप में आकर यह सोना लेकर गये थे। बाद में शाम 5 बजे कारीगर भवरसिंह ने कोलेकर को फोन कर बताया कि रजीत सिसोदिया की कोमल ज्वेलर्स नामक जूलरी शॉप में दिल्ली के डीआरआई ने छापेमारी कार्यवाही की है और उनका सोना भी इस छापेमारी में जब्त कर लिया गया है। भवरसिंह ने कोलेकर को रजीत को फिलहाल फोन न करने की भी हिदायत दी थी। कोलेकर ने जब सोने के मूल बिल लेकर वहां पहुंचने की बात कही तो भवरसिंह टालमटोल करने लगा। इसके बाद कोलेकर ने रजीत सिसोदिया को फोन किया तो उसका फोन बंद आ रहा था। कोलेकर इसके बाद जवेरी बाजार में रजीत सिंह की जूलरी शॉप पहुंच गया तो पता चला कि रजीत अपनी दुकान बंद करके फरार हो गया है। आसपास के जूलरी कारोबारियों से पूछताछ की तो पता चला कि रजीत सिंह की जूलरी शॉप में ऐसी कोई छापेमारी कार्यवाही नहीं हुई थी। यह भी पता चला कि रजीत ने पनवेल के करंजाडे के एक और व्यक्ति से भी 500 ग्राम वजन का सोना लिया था और फरार हो गया है। इस तरह पता चला कि रजीत सिसोदिया ने पूरे 1 करोड़ 90 लाख रुपये कीमत का शुद्ध सोना लेकर ठगी को अंजाम दिया है। कोलेकर की शिकायत पर कामोठे पुलिस ने अपनी कार्यवाही शुरु कर दी है।
Next Story