मकान से बंदूक, लाखों की नगदी व जेवर चोरी
उदयपुर. नगर संवाददाता | जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक मकान में घुसकर मकान से बंदूक, लाखों की नकदी और जेवरात चोरी कर ले गए। चोरों का यह घटनाक्रम वहीं पर लग रहे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया और तीन बदमाश सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट नजर आए। मिली जानकारी के अनुसार कस्बे के गोगुन्दा पैलेस के समीप रहने वाले भगवत सिंह झाला अपने पूरे परिवार के साथ सुसराल जयपुर गए हुए थे। पास में उनके भाई गोपाल सिंह झाला का मकान है, जो अपने मकान के अंदर सो रहे थे। सुबह उनकी की पत्नी ने भगवत सिंह झाला के मकान का ताला टूटा देखा तो परिजनों को बताया। जि पर गोपाल सिंह ने गोगुंदा पुलिस व बड़े भाई भगवत सिंह झाला को चोरी की सूचना दी और भगवत सिंह भी गोगुंदा पहुंच गए। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारियां टूटी हुई थी, सारे कपड़े बिखरे हुए थे और घर के हाल में लगी एक टोपीदार बंदूक भी नहीं थी। सूचना पर गोगुंदा थाने के हैड कांस्टेबल भंवर सिंह व रामचंद्र मौके पर पहुंचे। भगवत सिंह झाला ने चोरी की रिपोर्ट दी जिसमें उन्होंने बताया कि हॉल में लगी एक टोपीदार बंदूक, अलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात, करीब डेढ़ लाख रुपये नगद, दो मोबाइल, लैपटॉप, एलसीडी व अन्य माल सामान की चोरी हुई है। इस पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो तीन बदमाश चोरी की वारदात कर निकलते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
Next Story