Republic Day

उदयपुर (वि)। गणतंत्र दिवस (Republic Day) पर 26 जनवरी को गांधी ग्राउंड (Gandhi Ground) में होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों की समीक्षा बैठक गुरुवार को जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में हुई।
कलेक्टर पोसवाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह इस बार आकर्षक और स्तरीय कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया जाए। परंपरागत आयोजनों के साथ ही कुछ आकर्षक कार्यक्रम भी हों। झांकियों तथा बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसडीएम गिर्वा रिया डाबी को मुख्य समारोह में होने वाले सांस्कृतिक आयोजनों को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी सौंपी। पोसवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिला स्तर पर सम्मान के लिए ऐसे कार्मिकों की अनुशंसा करें, जिन्होंने रूटीन के काम के अतिरिक्त विशेष कार्य किए हों तथा जो सचमुच सम्मान के पात्र हों।
अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर राजीव द्विवेदी ने ध्वजारोहण, परेड निरीक्षण, मार्च पास्ट, सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकी प्रदर्शन सहित सभी गतिविधियों को लेकर अब तक की गई तैयारियों की जानकारी संबंधित विभागीय अधिकारियों से लेते हुए जिला कलेक्टर के दिशा- निर्देशानुसार कार्य के निर्देश दिए। उप निदेशक जनसंपर्क गौरीकान्त शर्मा ने अवगत कराया कि गणतंत्र दिवस समारोह में 9 विभागों की झांकियां शामिल की जाएंगी। बैठक करके तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। एडीएम सिटी द्विवेदी ने बैठक व्यवस्था,पेयजल, मंच व्यवस्थाओं, ध्वजारोहण आदि को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । पूर्वाभ्यास 21 जनवरी से प्रारंभ होगा तथा 24 जनवरी को अंतिम पूर्वाभ्यास किया जाएगा। जिला परिषद सीईओ कीर्ति राठौड़ सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे ।
Editorial

Editorial

Next Story