Pratahkal-Cheating-Fraud-Arrested
मुंबई । करीब एक महीने से फरार 2 करोड़ के घपले के आरोपी कारोबारी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार (Arrested) किया है। आरोपी का नाम हसमुख बाबूलाल भाटी है और मालाड में उनका इमिटेशन जूलरी कारोबार का उनका मालिकाना यूनिट है। कारोबारी ने अपने दोस्त सहित कई निवेशकों को ठगी (Fraud) का शिकार बनाया है। कारोबारी के दोस्त निपुण संघवी जोगेश्वरी के रहिवासी हैं और प्राइवेट फर्म के मार्केटिंग विभाग में काम करते हैं। उनके बयान के अनुसार, भाटी से उनकी दोस्ती थी और वे अक्सर उनके यहां ठहरते हैं। अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिये भाटी को निवेशकों की जरूरत थी और इसके लिये भाटी ने कई लोगों को 15 प्रतिशत कमीशन का ऑफर दिया था।
संघवी का विश्वास जीतने के लिये भाटी ने मालाड में अपना जूलरी यूनिट संघवी को दिखाया, जहां काम पूरी तेजी से चल रहा था। संघवी ने 1 करोड़ रुपये निवेश के लिये हामी भरी और इसके लिये 58 लाख रुपये का कर्ज लिया और साथ ही उन्होंने अपने दोस्तों और परिवार को निवेश की सलाह भी दी। नतीजतन 28 लोगों ने जनवरी 2021 और मार्च 2023 के बीच 4 करोड़ रुपये का निवेश किया था। बाद में भाटी ने निवेशकों को कमीशन देना बंद कर दिया था और उसने निवेशकों को टालना शुरु कर दिया था। काफी तगादा करने के बाद भाटी ने केवल 2.36 करोड़ रुपये लौटाये और फिर 63 लाख रुपये नकद में वापस किये। लेकिन इसके बाद बाकी की रकम देने में वह फिर टालमटोल करने लगा और निवेशकों से उसने संपर्क तोड़ लिया था। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज हुई थी। करीब एक महीने पुलिस को चकमा देने के बाद भाटी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

Next Story