India looks to seal series against Afghanistan in Indore
इंदौर (एजेंसी)। भारतीय क्रिकेट टीम नए साल में पहली टी20 सीरीज जीत दर्ज करने के इरादे से अफगानिस्तान के खिलाफ इंदौर में उतरेगी। हालांकि इस सीरीज जीत को बड़ी उपलब्धियों में नहीं गिना जाएगा क्योंकि अफगान टीम स्टार स्पिनर राशिद खान के बिना कमजोर आंकी जा रही है। रविवार को होने वाले दूसरे टी20 में कप्तान रोहित शर्मा 14 महीने के बाद वापसी पर सीरीज अपने नाम करने के लिए बेताब होंगे। वह महेंद्र सिंह धोनी के 42 टी20 मैच जीतने के करीब पहुंचे हैं। 2 जीत से वह पूर्व कप्तान की बराबरी कर लेंगे। इसके बाद सबसे सफल भारतीय टी20 कप्तान की लिस्ट में संयुक्त रूप से नंबर एक पर होंगे। भारत ने मोहाली में खेले गए पहले मैच में 6 विकेट से जीत दर्ज करके तीन मैच की सीरीज में 1-0 से बढ़त बनाई। ऐसे में जितेश शर्मा, वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों के लिए यह अनिवार्य हो गया है कि वह अफगानिस्तान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके चयनकर्ताओं की नजर में बने रहें । सबका लक्ष्य टी20 विश्व कप टीम में जगह बनाने का है।
तिलक वर्मा ने पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैच की सीरीज में 39, 51 और नाबाद 49 रन बनाकर शानदार शुरूआत की थी। इसके बाद वह अगली 13 पारियों में केवल एक अर्धशतक लगा पाए। विराट कोहली के आने के बाद उनका प्लेइंग इलेवन से जाना तय माना जा रहा है। चोटिल होने के कारण वनडे विश्व कप में नहीं खेल पाने वाले अक्षर अब सीमित ओवरों ही नहीं बल्कि टेस्ट मैचों में खेलने के लिए भी तैयार है। बाएं हाथ के इस स्पिनर को के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ मोहाली में पहले टी20 मैच में 23 रन दे कर दो विकेट लिए थे। वह अगले मैच में भी अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। वाशिंगटन ने भी टीम में वापसी की है लेकिन वह पहले मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए और ऐसे में उनकी निगाह दूसरे मैच पर टिकी होंगी। इंदौर की पिच अक्सर बल्लेबाजों के अनुकूल रही है और ऐसे में जितेश और वर्मा मौका मिलने पर इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे । भारतीय टीम अफगानिस्तान को हल्के से लेने की गलती नहीं करेगी क्योंकि उसके पास कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। युवा रहमानुल्लाह गुरबाज, अजमतुल्लाह उमरजई और अनुभवी मोहम्मद नबी किसी भी तरह के गेंदबाजी आक्रमण को तहस नहस करने की क्षमता रखते हैं। गेंदबाजी में स्टार स्पिनर राशिद खान की अनुपस्थिति के बावजूद अफगानिस्तान के पास मुजीब उर रहमान जैसा उपयोगी स्पिनर है। तेज गेंदबाजी विभाग में नवीन उल हक और फजलहक फारूकी अच्छी भूमिका निभा रहे हैं।
Editorial

Editorial

Next Story