India sees record gold bond sales in 2023-2024
नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार इन्वेस्टमेंट के प्रति लोगों की रूचि बढ़ाने के लिए अथक प्रयास कर रही है। इसका फायदा भी अब नजर आने लगा है। इसी कड़ी में सस्ता सोना यानी सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की इस बार रिकॉर्ड बिक्री हुई है। वित्त वर्ष 2023 2024 के लिए सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की जारी तीसरी सीरीज में निवेशकों ने रिकॉर्ड खरीदारी की है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक इस सीरीज में 1 करोड़ 21 लाख 06 हजार 807 ग्राम (12.11 टन) की खरीदारी की गई है। यह सीरीज पिछले साल 18 से 22 दिसंबर के बीच जारी हुई थी, जो 66वां सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड था। इसका मूल्य सरकार ने 6,199 रूपये प्रति ग्राम तय किया था।
बता दें कि इससे पहले सबसे ज्यादा 1 करोड़ 16 लाख 73 हजार 960 ग्राम सोने की खरीदारी 65वें सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के लिए हुई थी । यह मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी सीरीज थी, जो 20 सितंबर, 2023 को जारी की गई थी। साल 2017 में दिसंबर में जारी देश के पहले सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड से मिले शानदार मुनाफे ने निवेशकों को उत्साहित किया है। पहले बॉन्ड में इन्वेस्टर्स को 157 फीसदी से ज्यादा का कुल रिटर्न और 12 फीसदी से ज्यादा का वार्षिक रिटर्न मिला था। वहीं मैच्युरिटी पूरी होने से पहले सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड को बेचने से होने वाला मुनाफा भी करीब 100 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दे रहा है।
आरबीआई की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक 1 जनवरी 2024 तक कुल 13 करोड़ 41 लाख 75 हजार 808 ग्राम सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की खरीद हुई है। इसमें पहले बॉन्ड की खरीदारी का आकड़ा शामिल नहीं है, क्योंकि यह बॉन्ड 30 नवंबर 2023 को परिपक्व हो गया। इस सीरीज के लिए 0.91 टन सोने की बराबर बिक्री हुई थी ।
Editorial

Editorial

Next Story