Pratahkal-Dishonesty
नवी मुंबई । गांव में अपनी पत्नी और चचेरे भाई को चेक के जरिये दो लाख रुपये भेजने के लिये एक कारोबारी ने बैंक के ड्रॉप बॉक्स में दो क्रॉस चेक जमा किये थे। अज्ञात चोरों ने यह चेक चुरा लिये और अलग-अलग बैंक में जमा कर भुना लिये। कोपरखैरणे पुलिस ने दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया है। इस मामले में शिकायतकर्ता रामअवतार गुर्जर (33) मूलत: राजस्थान के रहनेवाले हैं। फिलहाल वे कोपरखैरणे सेक्टर 7 में रहते हैं। रामअवतार की पत्नी और माता- पिता राजस्थान में मूल गांव में ही रहते हैं। रामावतार मार्बल टाइल्स बिछाने का कारोबार करते हैं। हर महीने वे अपने गांव पैसे भेजते हैं। पिछले महीने रामअवतार ने पंजाब नैशनल बैंक का 49 हजार रुपये का चेक पत्नी सुमन देवी के नाम और दूसरा चेक भतीजे हेमराज गुर्जर के नाम भरा था। ये चेक उन्होंने कोपरखैरणे सेक्टर – 5 में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में बैंक के ड्रॉप बॉक्स में जमा किये थे। रामावतार ने दोनों चेक क्रॉस किये थे और इन चेक के पीछे मोबाइल नंबर और खाता नंबर डाल रखा था। अज्ञात चोरों ने ड्रॉप बॉक्स से ये चेक चुरा लिये और डेढ लाख रुपये का चेक बेलापूर में पंजाब नैशनल बैंक में जमा कर वहां से नकद रकम निकाल ली जबकि 50 हजार रुपये का चेक कोपरखैरणे में पंजाब नैशनल बैंक में उसी तरह से भुना लिया गया। 2 लाख रुपये खाते से कटने का मैसेज जब रामावतार को उनके मोबाइल पर मिला तो उन्होंने अपनी पत्नी और चचेरे भाई से इसकी पुष्टि की। पता चला कि उन्हें तो रकम मिली ही नहीं है। बैंक में पता किया तो बताया गया कि हेमराज प्रवीण गुर्जर नामक व्यक्ति ने बेलापूर की शाखा से और कोपरखैरणे की शाखा से शुभमदेवीत प्रवीण गुर्जर नामक व्यक्ति ने आधार कार्ड की झेराक्स कापी दिखाकर यह रकम निकाल ली। इसके बाद रामअवतार ने जिस बैंक के ड्रॉप बॉक्स में चेक जमा किये थे, वहां जाकर जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कोपरखैरणे पुलिस स्टेशन में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। हालांकि क्रॉस चेक और चेक के पीछे जिस बैंक में रकम ट्रांसफर करनी है, वहां का खाता नंबर लिखा होने के बावजूद बैंक कर्मचारियों ने कैसे यह रकम केवल आधारकार्ड देखकर दे दी, इस बारे में संशय बना हुआ है। पुलिस इस मामले में बैंक कर्मियों की भूमिका को भी संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
Next Story