Tantrik Fraud
उदयपुर. नगर संवाददाता | शहर की बड़गांव थाना पुलिस ने तंत्र-मंत्र (Black magic) के माध्यम से गृहशांति (Home Peace) के नाम पर पैसों (Money) को दुगुना करने व एक पीड़ित से 2.80 लाख रूपए ठगकर भागने का प्रयास कर रहे एक तांत्रिक (Tantrik ) को गिरफ्तार किया है। तांत्रिक बना यह आरोपी फेसबुक (Facebook) के माध्यम से पीड़ित के सम्पर्क में आया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के रिमाण्ड पर प्राप्त किया है।
थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि किशन सुथार पुत्र एकलिंग सुथार निवासी बडी ने मामला दर्ज करवाया कि उसके घर में काफी दिनो से अशांति चल रही थी तो उसका साला कमल पुत्र दाड़म चन्द सुथार निवासी मंगवास ने उसको बताया कि उसकी जानकारी में एक बाबाजी है जो तांत्रिक विद्या जानते है जो इंदौर के रहने वाले है और उदयपुर आए हुए है। जिस पर उसने उसके साले को बाबाजी से मिलाने की बात कही तो बाबाजी 18 सितम्बर को उसके घर पर कार लेकर आए और तांत्रिक विद्या से घर में शांति कर देने व पैसे दुगुने करने का आश्वासन दिया । बाबाजी ने उसे पूजा सामग्री लाने के लिए भेजा तो वह बाजार से पूजा सामग्री व मिट्टी के मटके लेकर आया । बाबाजी ने अपना नाम सुरेन्द्र सैनी उर्फ गणेश नाथ पुत्र पूरणमल सैनी निवासी मेदासरवास डीडवाना नागौर हाल इंदौर होना बताया। बाबाजी ने पूजा शुरू करने से उसे उसकी पत्नी हेमलता सुथार, साला कमल एवं साढू रमेश को भी साथ में बिठाया । पूजा शुरू करते समय बाबाजी ने कहा कि 4 लाख रूपये की व्यवस्था करो उन रूपयों को इस रूपए पूजा में रखने पड़ेंगे एवं पूजा के बाद यह राशि दुगुनी हो जाएगी एवं यह पैसा उन्हीं का रहेगा। जिस पर उसने मेरे साले कमल व सादू रमेश से रूपये उधार मांगे तो कमल ने उसे 1.30 लाख रूपए, साढू रमेश सुथार से 1.50 लाख रूपए उधार लिए। बाबा ने सभी को एक कमरे में बैठा कर पूजा प्रारम्भ की और 2.80 लाख रूपए एक मटके में रखवाए। कुछ समय पूजा करने के बाद चारो को एक साथ 5 मिनट के लिये बाहर भेजा उसके बाद बाबाजी ने कहा कि इन मटको को कोई भी नहीं छुएगा और कमरा बंद कर दिया। बुधवार को बाबा उदयपुर शहर घूमने के लिए निकले।
इस दौरान किसी पड़ोसी ने बाबा को एक बैंक में देख लिया और उसे फोन कर बता दिया। इस पर जब बाबा पुनः बैंक से घर पर आया तो उससे पूछा कि वह बैंक क्यों गया तो उसने नही बताया। इस पर शंका होने पर परिजनों ने पूजा में रखे 2.80 लाख रूपए वापस मांगे तो बाबा ने कोई जवाब नहीं दिया और पुनः घर से जाने की जल्दी करते हुए सामान समेटने लगे। यह देखकर शंका होने पर परिजनों ने मटके में रखवाए पैसो को देखा तो यह राशि मटके में नहीं थी, जिस पर बाबाजी को रूपये वापिस देने के लिए कहा तो बाबा आनाकानी करने लगा। इस पर पीड़ित ने बाबा को पकड़कर घर पर बैठा दिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थानाधिकारी के नेतृत्व में एएसआई रोशनसिंह, हैड कांस्टेबल खुमाण सिंह, कांस्टेबल तपेन्द्र सिंह, सुनील, डालाराम, रामकुमार की टीम ने दबिश दी और आरोपी बाबा सुरेन्द्र सैनी उर्फ गणेश नाथ पुत्र पूरणमल सैनी निवासी मेदासरवास डीडवाना नागौर हाल इंदौर को गिरफ्तार किया। आरोपी बाबा ने पूछताछ में बताया कि उसने पूजा के दौरान पीड़ित किशन सुधार सहित चारों को घर से बाहर निकाल दिया था तो इस दौरान 2.80 लाख रूपए उसने मटके से निकालकर अपने पास रख लिए। बाद में दूसरे दिन इन पैसों को बैंक में जाकर अपने खाते में जमा करवा दिए। पुलिस पूछताछ में इस बाबा के खिलाफ डीडवाना, हरियाणा में भी इसी तरह के प्रकरण सामने आ रहे है। पुलिस ने बाबा को न्यायालय में पेश किया जहां से दो दिन के रिमाण्ड पर प्राप्त किया है। इधर पुलिस ने बाबा ने जिस खाते में पैसा जमा करवाया है, उस खाते को फ्रिज करवा दिया है।
Editorial

Editorial

Next Story