Pratahkal-Embezzlement of Gold worth Rs 25 lakh in the name of making gold jewelery
मुंबई । स्वर्णाभूषण तैयार करने के लिये दिया गया करीब 25 लाख रुपये कीमत का 434 ग्राम सोने का गबन (Embezzlement of Gold) करने के आरोप में एलटी मार्ग पुलिस ने अब्दुल हलीम खान नामक कारीगर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता नवरत्न मोहनलाल मेहता पेशे से जूलरी कारोबारी हैं और जवेरी बाजार में उनकी सुंदर ज्वेलर्स नाम से जूलरी शॉप है। मेहता इलाके के कारीगरों से अपने स्वर्णाभूषण तैयार करवाते हैं और इन स्वर्णाभूषणों को होलसेल में बेचते हैं। कालबादेवी में फोपलवाडी इलाके में अब्दुल खान का एआरके गोल्ड नामक कारखाना है। खान स्वर्णाभूषण तैयार करने का काम करता है। पिछले पांच सालों से खान और मेहता एक-दूसरे से परिचित थे और मेहता अक्सर अपने स्वर्णाभूषण खान से बनवाया करते थे। जनवरी महीने में भी उन्होंने खान को 25 लाख रुपये कीमत 434 ग्राम सोना स्वर्णाभूषण तैयार करने के लिये दिया था। खान ने पंद्रह दिनों में आभूषण बनाकर देने का आश्वासन दिया था लेकिन मियाद बीत जाने पर भी उसने आभूषण बनाकर नहीं दिये। मेहता ने जब इस बाबत खान से पूछताछ की तो वह टालमटोल करता रहा और जल्द ही आभूषण तैयार कर देने का झूठा आश्वासन देता रहा। आखिरकार थक हार कर मेहता उसके कारखाने में पहुंच गये तो वहां भी उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और कुछ दिन बाद आभूषण देने की बात कही। मेहता अपने साथ हुये ठगी और गबन के इस चक्कर को समझ गये, लिहाजा उन्होंने एलटी मार्ग पुलिस में मामले की शिकायत कर दी। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने अब्दुल हलीम खान के खिलाफ ठगी और गबन का मामला दर्ज कर लिया।
Editorial

Editorial

Next Story