Rajasthan Congress screening committee faces protest in Udaipur
उदयपुर. नगर संवाददाता | उदयपुर (Udaipur) में आए राजस्थान कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी (Rajasthan Congress Screening Committee) के अध्यक्ष और अन्य सदस्यों को उस समय विरोध का सामना करना पड़ा जब शहर से दावेदारी कर रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ को सीधा ही उनके पास जाने दिया गया। इस पर स्थानीय दावेदार भड़क गए और कहा कि वल्लभ भी उदयपुर शहर से दावेदारी कर रहे है ऐसे में उन्हें भी लाईन में लगकर अपना बायोडेटा देना चाहिए। विरोध बढ़ता देखकर वल्लभ कुछ देर बाद बाहर निकले और पुनः रवाना हो गए। इधर स्क्रीनिंग कमेटी के नेताओं द्वारा समय नहीं देने पर पूर्व प्रधान पति कुबेर सिंह चावड़ा भी भड़क गए और स्पष्ट रूप से कह दिया कि जब आपके पास मिलने का समय नहीं है तो वे यहां पर आते ही क्यों है। साथ ही कहा कि इसी कारण कांग्रेस की यह हालत है।
राजस्थान कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष और गौरव गोगोई, सदस्य गणेश गोडियाल व अभिषेक दत्त ने बंद कमरे में 2018 के प्रत्याशियों से मिलने के बाद 2023 के लिए दावेदारी कर रहे सभी दावेदारों को मिलने के लिए बुलाया था। उदयपुर शहर से अधिकांश दावेदार इस होटल में पहुँच गए और बाहर लाईन लगाकर खड़े हो गए। इस दौरान शहर से दावेदारी कर रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ भी आए और आते ही सीधा स्क्रीनिंग कमेटी के नेताओं से मिलने के लिए चले गए और उनके साथ कमरे में बैठकर चर्चा करने लगे। यह देखकर बाहर खड़े नेताओं ने आक्रोश जताया। अन्य दावेदारों का कहना था कि जब हम खुद बाहर लाईन में खड़े होकर स्क्रीनिंग कमेटी के नेताओं का इंतजार कर रहे है और गौरव वल्लभ भी दावेदार है तो वह सीधा अंदर कैसे चले गए। पूर्व नेता प्रतिपक्ष मोहसीन खान और बड़ी सरपंच मदन पंडित ने इसका खुलकर विरोध किया। साथ ही अन्य दावेदारों का कहना था कि गौरव वल्लभ भी दावेदार है तो उन्हें भी लाईन में खड़ा रहना होगा। विरोध बढ़ता देखकर बात अंदर तक गई और गौरव वल्लभ कुछ देर तक चर्चा कर बाहर निकल गए। इसके बाद राजस्थान कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष और गौरव गोगोई बाहर आए तो सभी नेताओं ने उन्हें अपना बायोडेटा दिया। इस दौरान कुछ दावेदारों ने बात करने का प्रयास किया तो वे बात नहीं कर पाए इस पर दावेदारी जताने आए नेताओं ने गोगोई से यहां तक कह दिया कि जब आपके पास समय ही नहीं है तो आप यहां क्यों आते हैं। पोर्च में आकर एक-एक दावेदार से बायोडेटा लेते राजस्थान कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष सांसद गौरव गोगोई पर दावेदारों ने हंगामा करते हुए कहा कि 300 लोगों से 8 मिनट में कैसे बातचीत हो सकेगी। इसके साथ ही स्पष्ट रूप से उदयपुर शहर के दावेदारों और कांग्रेस नेताओं ने कह दिया कि बाहरी को टिकट दिया तो नहीं चलेगा। उदयपुर में स्थानीय को ही स्वीकार किया जाएगा और यदि बाहरी को टिकट दिया तो विरोध होगा।
जब सुननी ही नहीं तो आते क्यों हो - चावड़ा
भींडर पंचायत समिति के पूर्व प्रधान पति कुबेर सिंह चावड़ा भी यहां वल्लभनगर विधानसभा सीट से दावेदारी जताने आए थे । वे गोगोई के समय नहीं देने पर भड़क गए। उन्होंने गोगोई से कहा ऐसे कांग्रेस नहीं जीतेगी। मिलना नहीं तो आप यहां क्यों आते हैं। चावड़ा ने कहा कि आप 8 मिनट में 300 लोगों से मिल रहे हो ये क्या मतलब है । चावड़ा ने कहा कि बायोडाटा तो सबने ब्लॉक मीटिंग में दे दिया है, आप भी ये लेकर क्या कर रहे है, आपको हमारी बात सुननी चाहिए और जमीनी स्तर की स्थिति पर चर्चा करनी चाहिए। चावड़ा के साथ अन्य कांग्रेसियों ने भी विरोध जताते हुए कहा कि घंटों से आपसे मिलने के लिए खड़े हैं। यूं ही मिनटों में हमे रवाना किया जा रहा है यह ठीक नहीं है।
Editorial

Editorial

Next Story