Pratahkal-Two miscreants of Agarbatti Gang arrested
मुंबई । अंधेरी में एक जूलरी शॉप के कारीगर से 225 ग्राम सोना लूटनेवाले अगरबत्ती गैंग (Agarbatti Gang) के दो बदमाशों को पुलिस ने अजमेर से गिरफ्तार (Arrested) किया है। दोनों आरोपियों ने मुंबई (Mumbai) में इसी तरह से लूट और ठगी की कई वारदातें अंजाम देने की जानकारी मिली है।
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी अपने शिकार को रास्ते में रोककर उसे आध्यात्मिक चर्चा में उलझाते थे और फिर उसे प्रसाद लाने को कहते या फिर खुद ही अगरबत्ती, दान देने की बात करते। इसी बातचीत के दौरान ये अपने शिकार से सोना इत्यादि कीमती चीजें लूट लिया करते और फरार हो जाते थे। ताजा मामले में अंधेरी में अपर्णा ज्वेलर्स का कारीगर 225 ग्राम सोना लेकर कालबादेवी में सोना कारोबारी के यहां स्वर्णाभूषण बनवाने के लिये आया था। इस दौरान दो अज्ञात लोगों ने उसे रास्ते में रोका और अपने अयोध्या से आने की बात बताते हुये उससे बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान दोनों ने कब कारीगर के पास का 225 ग्राम सोना चुरा लिया, यह कारीगर को पता ही नहीं चला। बाद में जब दोनों वहां से चंपत हो गये, तब कारीगर को इस चोरी और ठगी का पता चला। कारीगर ने तत्काल लोकमान्य तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। अपराध का तरीका देखकर पुलिस को यह काम अगरबत्ती गैंग का होने का शक हुआ। जांच की तो पता चला कि दोनों आरोपी अगरबत्ती गैंग के गुर्गे हैं और मध्य प्रदेश के रहनेवाले हैं। पुलिस ने दोनों की लोकेशन की पड़ताल की तो पता चला कि दोनों नागपुर इलाके में रह रहे हैं। पुलिस नागपुर पहुंचती उससे पहले ही दोनों शातिर आरोपी नागपुर से भागकर अजमेर पहुंच गये। पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से अलताफ हुसैन और जाबीर हुसैन नामक इन दोनों आरोपियों को वहां से धर दबोचा।
Editorial

Editorial

Next Story