Pratahkal - Jaipur News Update - Vis proceedings adjourned sine die
जयपुर : राजस्थान (Rajasthan) की पन्द्रहवीं विधानसभा (Assembly) के अष्टम सत्र का आखिरी दिन बुधवार को हंगामेदार रहा और विपक्ष भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सदस्यों के हंगामे के बीच ही सदन ने कई विधेयक पारित किए और बाद में सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
इससे पहले हंगामें के कारण सदन की कार्यवाही आधे-आधे घंटे के लिए दो बार स्थगित करनी पड़ी। शून्यकाल में नेता प्रतिपक्ष राजन्द्र सिंह राठौड़ (Rajendra Singh Rathore) ने लाल डायरी (Red Diary) का जिक्र करते हुए विधायक मदन दिलावर के सदन से निलंबन का मामला उठाते ही सत्ता पक्ष के विधायक गोविंद सिंह डोटासरा खड़े हो गए और और बोलने लगे। इस पर अध्यक्ष के हस्तक्षेप करने पर वह बैठ गए।
राठौड़ ने दिलावर का निलंबन वापस लेने की मांग की और उनके बोलने के दौरान फिर डोटासरा के बीच में बोलने पर पक्ष एवं विपक्ष की तरफ से सदस्यों के बोलने पर हंगामा हुआ और इस दौरान भाजपा सदस्य फिर वेल में आ गए और नारेबाजी करने लगे। इस पर अध्यक्ष ने 12 बजकर 9 मिनट पर सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी।
इसके बाद 12 बजकर 39 मिनट पर सदन की कार्यवाही फिर शुरु होने पर भाजपा सदस्य फिर वेल में आ गए और नारेबाजी के साथ हंगामा जारी रहने पर सदन की कार्यवाही एक बजकर दो मिनट पर दूसरी बार स्थगित करनी पड़ी।
इससे पूर्व इस सत्र के आखिरी दिन बुधवार को सदन की कार्यवाही पूर्वाहन ग्यारह बजे प्रश्नकाल के शुरू होते ही विपक्ष भाजपा के सदस्य खड़े हो गए और लाल डायरी और विधायक मदन दिलावर के सदन से निलंबन के मुद्दे को लेकर वेल में आ गए। इस दौरान सत्ता पक्ष के सदस्य गोविंद सिंह डोटासरा के कुछ बोलने पर उनके साथ सत्ता पक्ष के सदस्य भी खड़े हो गए और हंगामा हुआ । इस पर अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने कहा कि राजस्थान विधानसभा आदर्श रही है और अभी प्रश्नकाल है इसके बाद वह शून्यकाल में बात रखने का पूरा मौका दिया जायेगा । इस पर विपक्ष के सदस्य अपने अपने स्थान पर आ गये और हंगामा शांत हो गया। इसके बाद फिर सदन की कार्यवाही शुरू होने पर विपक्ष के सदस्यों का हंगामा जारी रहा और हंगामे के बीच ही राजस्थान अभिधृति (संशोधन) विधेयक 2023, राजस्थान राज्य कृषक ऋण राहत आयोग विधेयक 2023 महात्मा गांधी दिव्यांग विश्वविद्यालय जोधपुर 2023, राजस्थान विद्युत (शुल्क) विधेयक 2023 ध्वनिमत से पारित कर दिए गए। इसके बाद अध्यक्ष ने हंगामा कर रहे सदस्यों से निवेदन किया कि आज सत्र का आखिरी दिन है अब राष्ट्रगान होगा सभी अपने स्थान पर आ जाये। इसके बाद ये सदस्य अपने स्थान पर आ गये और राष्ट्रगान के बाद अध्यक्ष ने एक बजकर 56 मिनट पर सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी।

Editorial

Editorial

Next Story