bjp
कार्यालय संवाददाता जयपुर। भाजपा (BJP) ने राजस्थान (Rajasthan) में 48 ऐसी विधानसभा (Vidhansabha) सीटों की पहचान की है जहां उसकी स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। इनमें 19 सीटें ऐसी हैं जहां भाजपा कभी नहीं जीती है तो 29 सीटें ऐसी हैं जहां उसे कभी जीत तो कभी हार मिलती रही है । पार्टी ने इन सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए बाहरी राज्यों के विधायकों-सांसदों की एक विशेष टीम उतारी है जो विधानसभा के अनुसार सामाजिक-जातीय समीकरणों की पहचान कर पार्टी को जीत दिलाने के लिए काम करेंगे।
भाजपा सूत्रों से मिली सूचना के अनुसार राजस्थान भेजे गए 200 पार्टी विधायक 27 अगस्त को केंद्रीय इकाई को अपनी रिपोर्ट सौंप सकते हैं। इस रिपोर्ट में ही इन 48 सीटों को सबसे अधिक संवेदनशील बताया गया है। पार्टी ने इन सीटों को सी कैटेगरी (29सीटें) और डी कैटेगरी (19 सीटें) में रखा है। विधायकों की रिपोर्ट पर इन्हीं सीटों पर सबसे पहले उम्मीदवारों की घोषणा की जा सकती है।
रिपोर्ट मिलने के बाद पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक अगले सप्ताह में कभी भी बुलाई जा सकती है। बैठक में इन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) और छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) की तर्ज पर इन सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा की जा सकती है जिससे उम्मीदवारों को तैयारी के लिए ज्यादा से ज्यादा समय मिल सके।
पार्टी ने गत 18 अगस्त को ही देश के अलग-अलग राज्यों से 200 विधायकों और 40 हजार अल्पकालिक विस्तारकों राजस्थान भेजा था । इसमें 25 विधायक हरियाणा से थे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक विधायक भेजे गए थे। पार्टी संगठन और चुनावी रणनीति में माहिर ऐसे विधायकों को गुजरात (Gujrat), कर्नाटक (Karnataka), महाराष्ट्र (Maharashtra) और उत्तराखंड (Uttrakhand) से चयन किया गया था।
पहले दिन के प्रशिक्षण के बाद पार्टी के इन कार्यकर्ताओं ने हर विधानसभा की रिपोर्ट तैयार की और अब इसी रिपोर्ट के आधार पर उम्मीदवारों के नामों परअंतिम मुहर लगाई जाएगी।
Next Story