auto rickshaws jodhpur
जोधपुर (कासं ) । जोधपुर (Jodhpur) में ऑटो चालक एसोसिएशन ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर धरना देकर नए परमिट मिलने के खिलाफ नाराजगी जताई। ऑटो रिक्शा एकता यूनियन और मारवाड़ ऑटो रिक्शा समिति ने ऐतराज जताते हुए कहा कि परमिट मिलने से मार्केट में ऑटो बढ़ेंगे। पहले से जो ऑटो हैं उन्हें मजदूरी नहीं मिल रही है, नए ऑटो आने से परेशानी बढ़ेगी। एसोसिएशन का कहना है कि परमिट जारी करने पर ऑटो कंपनियां मनमाने तरीके से परमिट देंगी। साथ ही यूनियन का यह भी कहना है कि हमारी मूल समस्याओं पर सुनवाई नहीं हो रही है और गुपचुप तरीके से मीटिंग कर नए परमिट की परमिशन दे दी गई। उन्होंने 27 अगस्त को चक्काजाम करने की चेतावनी भी दी। यूनियन का कहना है कि एलिवेटेड रोड बनने के बाद सभी यूनियन को इकट्ठा करके सहमति से परमिट शुरू करना था । यूनियन के अनुसार पहले से ही कोविड टाइम के बाद से ऑटो चालक रोजगार की कमी से जूझ रहा है। नए परमिट के बाद यह समस्या और बढ़ जाएगी। यूनियन के अध्यक्ष शैतान सिंह, महासचिव फिरोज खां काका, अब्दुल हकीम बेलीम, दिनेश सांखला, चांद अली सीएम, अजमल खां सिंधी, चांद अली रंगरेज, अहमद हुसैन भानु सहित अन्य ने जिला कलेक्टर को नए ऑटो परमिट जारी करने के विरोध में ज्ञापन सौंपा। और रोक लगाने की मांग की। साथ ही शहर विधायक मनीषा पंवार व सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी भी दी।
Editorial

Editorial

Next Story