Rajiv Gandhi Our vision is to make Rajasthan number one in all fields including sports by 2030: Chief Minister

जयपुर (कासं ) । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेलों से गांव-ढाणी की खेल प्रतिभाओं को भी आगे आने का मौका मिल रहा है। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देकर अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा एवं खेल राज्य सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में हैं। वर्ष 2030 तक खेल सहित सभी क्षेत्रों में राजस्थान को नंबर वन राज्य बनाना हमारा विजन है। वर्ष 2030 के विजन डॉक्यूमेंट के लिए आमजन को आगे आकर सुझाव देने चाहिए।

गहलोत गुरूवार को मुंडिया रामसर में राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक-2023 के अंतर्गत आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का अवलोकन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़े स्तर पर खेल का माहौल तैयार करने के लिए गत वर्ष राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का आयोजन किया गया था । इसमें लगभग 30 लाख खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। यह संख्या इस बार लगभग 60 लाख तक पहुंच गई है। इनमें 25 लाख महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं। हर आयु वर्ग के खिलाड़ी इन खेलों में भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बन रहा है और एक नई खेल संस्कृति विकसित हो रही है।
प्रदेश में खेल एवं खिलाड़ियों को मिल रहा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निरंतर खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दे रही है। इसी दिशा में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति, सरकारी नौकरियों में आरक्षण, अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि में कई गुना बढ़ोतरी, खेल मैदानों का विकास जैसे फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों से राजस्थान खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनकर उभर रहा है।
राज्य सरकार की योजनाओं से हर वर्ग को मिल रही राहत
गहलोत ने कहा कि प्रदेश में महंगाई एवं बेरोजगारी से राहत देने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 500 रुपए में गैस सिलेण्डर, 25 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा, महिलाओं को इंटरनेटयुक्त निःशुल्क स्मार्टफोन, अन्नपूर्णा राशन किट, विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग, पशुपालकों को दो दुधारू पशुओं का 40 हजार रुपए का बीमा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को राहत दी जा रही है।
गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 3 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही, निजी क्षेत्र में रोजगार के लिए जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है। जिनमें 40 हजार नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस बार का बजट युवाओं को समर्पित किया गया था। किसानों के लिए अलग से कृषि बजट पेश करने वाला राजस्थान पहला राज्य है । मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में अपराधियों के विरूद्ध सख्त एवं त्वरित कार्यवाही की जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 10 करोड़ रुपए की लागत से रामप्रताप कटारिया स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की। इस दौरान गहलोत ने महिलाओं के रस्साकशी तथा कबड्डी मैच भी देखे एवं खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने कहा कि राज्य में खिलाड़ियों को बेहतरीन अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार की नीतियों से प्रदेश में उत्कृष्ट खेल ढ़ांचा तैयार हो रहा है। युवा मामलात एवं खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना ने कहा कि राज्य सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों से प्रदेश में खेलों को प्रोत्साहन मिला है। अन्य राज्य भी प्रदेश की खेल नीतियों का अनुसरण कर रहे हैं।
Editorial

Editorial

Next Story