जिले भर में हर्षोल्लास से मनाया गया 77वां स्वाधीनता दिवस तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. गर्ग ने ध्वजारोहण कर ली सलामी
भरतपुर (प्रा.सं.)। 77वें स्वाधीनता दिवस (77th Independence Day) के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि तकनीकी शिक्षा एवं आयुर्वेद राज्य मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर नगर निगम के महापौर अभिजीत कुमार, उप महापौर गिरीश चौधरी, संभागीय आयुक्त सावरमल वर्मा, पुलिस महानिरीक्षक रूपेन्द्र सिंह, जिला कलक्टर लोकबंधु, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दाताराम, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) बीना महावर, पूर्व जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त कर्नल ओमवीर सिंह, कंजौली लाइन के डिप्टी कमाण्डर एके शर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर 7 आरएसी के परेड कमाण्डर विजय सिंह के नेतृत्व में आरएसी, राजस्थान सशस्त्र पुलिस, राजस्थान पुलिस, एनसीसी, भारत स्काउट व गाईड के स्यंवसेवकों की टुकडियों एवं पुलिस बैंड ने भाग लिया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. गर्ग ने मार्च पास्ट की टुकडियों का निरीक्षण किया ।
समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) रतन कुमार स्वामी ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया जिसमें उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाऐं देते हुए विकास व समृद्धि का संदेश दिया साथ ही राज्य की विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर प्रस्तुति देते हुए देशभक्ति का समा बांधा।
समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. गर्ग ने स्वतंत्रता दिवस पर की सभी को बधाई दी और शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुये कहा कि उन्हीं की कुर्बानियों से हमें स्वतंत्रता प्राप्त है। जिन्हें हम कभी नहीं भूला सकेंगे। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता के बाद शुरु हुई विकास योजनाओं के फलस्वरूप आज देश आर्थिक एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में कई गुना आगे बढ गया है और शीघ्र ही विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। इस मुकाम तक पहुंचाने में सभी भारतीयों का योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हमें विकास के साथ साथ लोकतंत्र को मजबूत करना होगा ।
जिला कलक्टर ने किया ध्वजारोहण स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रातः 7 बजे जिला कलक्टर लोक बंधु ने निवास पर ध्वजारोहण किया इसके पश्चात जिला क्लब एवं यूआईटी कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। जिला कलक्टर ने कलेक्ट्रेट भवन पर ध्वजारोहण कर प्रशासनिक अधिकारियों एवं कार्मिकों को स्वाधीनता की शुभकामनाएं दीं तथा विद्यालयी छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति दी एवं पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिला कलक्टर ने छात्राओं एवं पुलिस गार्ड को उपहार देकर सम्मानित किया।
इसी प्रकार जिला व शहर कांग्रेस द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय गांधी पार्क में गांधी की प्रतिमा को गंगाजल, दूध से स्नान कराकर धूप चन्दन, अगरबत्ती लगाकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, वन्देमातरम गाकर ध्वज को सलामी दी गई।
इसी प्रकार तिरंगा यात्रा बाइक रैली के संयोजक एवं समाजसेवी यश अग्रवाल ने अपनी टीम के साथ 77वें स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) पर मुखर्जी नगर सेक्टर-3 पार्क पर, रनजीत नगर स्थित सेन्टा किड स्कूल, रेल्वे संस्थान पर ध्वजारोहण किया ।
इसी प्रकार आर्मी स्कूल भरतपुर में 77वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति की भावना एवं जोश के साथ मनाया गया । इस अवसर पर आर्मी स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के वाइस चेयरमैन कर्नल संदीप भारद्वाज मुख्य अतिथि रहे । मुख्य अतिथि ने कहा कि देश की सुरक्षा में हमारी सेना हर समय सतर्क है और अपना कर्तव्य बखूबी से निभा रही है। हमारी आजादी बहुत से लोगों के बलिदान का फल है और हमें हमेशा प्रयास करना कि इस आजादी की रक्षा करें और देश की उन्नति में शामिल हो। देश के विकास में हिस्सा हम तभी ले सकते हैं जब हमारे छात्र एक जिम्मेदार नागरिक का काम देश के लिए करेंगे। इसके लिए हमारे छात्रों को अपनी शिक्षा उच्च कोटि की प्राप्त करनी होगी।
Editorial

Editorial

Next Story