✕
करणी सेना प्रदेशाध्यक्ष को निष्कासित उदयपुर जिलाध्यक्ष और आप के यूथ विंग के प्रदेश पदाधिकारी ने गोली मारी
By EditorialPublished on
करणी सेना (Karni Sena) के प्रदेशाध्यक्ष भंवरसिंह पर इसी संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष और आम आदमी पार्टी (AAP) के यूथ विंग के प्रदेश पदाधिकारी ने आपसी रंजिश के चलते फायरिंग कर घायल कर दिया। आरोपी के असमाजिक गतिविधियों में लिप्त होने पर उसे कुछ समय पूर्व करणी सेना के जिलाध्यक्ष के पद से निष्कासित करने पर वह रंजिश पाले हुए था और उसने कई बार फोन कर प्रदेश अध्यक्ष को देख लेने की धमकी दी थी।

x

नगर संवाददाता उदयपुर । करणी सेना (Karni Sena) के प्रदेशाध्यक्ष भंवरसिंह पर इसी संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष और आम आदमी पार्टी (AAP) के यूथ विंग के प्रदेश पदाधिकारी ने आपसी रंजिश के चलते फायरिंग कर घायल कर दिया। आरोपी के असमाजिक गतिविधियों में लिप्त होने पर उसे कुछ समय पूर्व करणी सेना के जिलाध्यक्ष के पद से निष्कासित करने पर वह रंजिश पाले हुए था और उसने कई बार फोन कर प्रदेश अध्यक्ष को देख लेने की धमकी दी थी।
जानकारी के अनुसार रविवार को 11 बजे भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय के राणा कुंभा सभागार में राजपूत करणी सेना राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह सलाड़िया द्वारा पोस्टर विमोचन एवं एक पत्रकार वार्ता की थी। पत्रकार वार्ता के बाद अल्पाहार कार्यक्रम के दौरान एक युवक दिग्विजय सिंह उर्फ भगसा आसपास अचानक दौड़ता हुआ सलाडिया के पास आया व अपनी जेब से पिस्टल निकाल कर भंवरसिंह सलाडिया पर पीछे से फायर कर दिया, जिससे भंवर सिंह के रीढ की हड्डी मे गोली लगी। अचानक चली गोली से हड़कंप मच गया और लोग कुछ समझ पाते उससे पहले दिग्विजय सिंह गोली मार कर वापस भागने लगा। जिसका लक्ष्य चौहान, तेजपालसिंह चौहान, नील राजसिंह सिसोदिया सहित कुछ लोगों ने पीछा कर पकड़ा। इस दौरान इस युवक ने लक्ष्य चौहान के अंगुली को काट लाया और मारने का प्रयास किया। आरोपी ने पिस्टल को हवा में लहरा कर भागने लगा, जिसे मुख्य द्वार के पास पकड़ लिया और स्थानीय लोगों ने धुनाई कर वहीं पर बैठा दिया। साथ ही गोली लगने से घायल भंवर सिंह सालड़िया को समाज के लोग तत्काल एक निजी चिकित्सालय लेकर गए और वहां पर भर्ती करवाकर उपचार शुरू करवाया । इधर समाज जनों ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर भुपालपुरा थानाधिकारी भरत योगी व गोगुन्दा थानाधिकारी शैतानसिंह मय जाब्ते के आए और आरोपी दिग्विजय सिंह उर्फ भगसा पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी भोपासागर बाठेडा कलां खेरादा को गिरफ्तार किया। आरोपी से देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस क अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में उदयपुर के विभिन्न थानो में मारपीट व अवैध शराब परिवहन करने के 7 प्रकरण दर्ज हैं। यह आरोपी राजकीय स्कूल से कम्प्यूटर सामग्री चोरी करने मामले में गिरफ्तार भी किया जा चुका है।
- संगठन से निष्कासित करने पर था आक्रोशित
भूपालपुरा थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि आरोपी दिग्विजय सिंह बाठेड़ा उर्पु भमसा पूर्व मे श्री राजपूत करणी सेना का उदयपुर जिला अध्यक्ष था, किन्तु उसे संगठन में अकर्मण्यता तथा असामाजिक गतिविधियों में लिप्तता के कारण कार्य मुक्त कर दिया था। इस कारण उसके द्वारा संगठन के विभिन्न पदाधिकारियो को तथा भवंर सिह सलाडिया को भी उदयपुर आने पर देख लेने की धमकियां दी थी। इस कारण आरोपी दिग्विजय सिंह बाठेड़ा योजना के अनुसार पिस्टल लेकर सभा में आया और भंवर सिंह सलाडिया पर फायर कर दिया। नहीं था सक्रिय - निर्भय सिंह इधर इस मामले में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष निर्भय सिंह ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह प्रदेश में किसी पद पर था पर सक्रिय नहीं था । यह केवल एक बार बैठक में आया था और इसके बाद कभी संगठन के कार्यक्रमों में नहीं आया। उन्होंने भर्त्सना करते हुए कहा कि पुलिस को इसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करनी चाहिए।

Editorial
Next Story
Related News
X
