Pratahkal-Lack of Rain in 15 districts



जयपुर ( कार्यालय संवाददाता) । राजस्थान (Rajasthan) में मानसून का दौर फीका पड़ जाने से इस बार अब तक औसत सामान्य वर्षा होने के बाद भी पांच जिलों जैसलमेर, झालावाड़, बारां, डूंगरपुर एवं बांसवाड़ा में बरसात की कमी बनी हुई हैं तथा पांच दिनों में अच्छी बरसात (Rain) की संभावना नहीं जताई गई है और मौसम शुष्क रहने की संभावना है। जल संसाधन विभाग के अनुसार राज्य में गत एक जून से 13 अगस्त तक सामान्य वर्षा 357.07 मिमी के मुकाबले 411.55 मिमी बारिश हो चुकी है जो सामान्य से 15.3 प्रतिशत अधिक है।
राज्य में इस दौरान सर्वाधिक वर्षा की कमी सीमांत जैसलमेर जिले में दर्ज की गई जहां अब तक केवल 61.50 मिमी बरसात हुई जो सामान्य से 45.9 प्रतिशत कम है। इसी तरह बारां जिले में अब तक 354.81 मिमी बरसात हुई जो सामान्य से 35.7 प्रतिशत, डूंगरपुर में 337.09 मिमी बारिश हुई जो सामान्य से 25.4 प्रतिशत, झालावाड़ में 435.08 मिमी वर्षा हुई जो सामान्य से 22.2 बांसवाड़ा जिले में 443.36 मिमी बरसात हुई जो सामान्य से 20.8 प्रतिशत कम हैं।
हालांकि मानसून के पहले एवं इसके आने के बाद राज्य में अच्छी बरसात के कारण अब तक प्रदेश के छह जिलों बाड़मेर, जालोर, जोधपुर पाली, राजसमंद एवं सिरोही में असामान्य बरसात हो चुकी है। इस बार संभागों में केवल जोधपुर संभाग ही ऐसा है जहां केवल असामान्य बरसात दर्ज की गई हालांकि संभाग का जैसलमेर जिला ऐसा है जहां अभी बरसात की कमी बनी हैं। संभाग का जालोर जिला ऐसा है जहां राज्य में अब तक सर्वाधिक बरसात हुई जहां अब तक 692.60 मिमी बरसात हो चुकी है जो सामान्य वर्षा की तुलना में 146.5 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह बाड़मेर जिले में अब तक 442.05 मिमी वर्षा हुई जो सामान्य से 143.8 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा संभाग के पाली जिले में 629.20 मिमी बारिश हुई जो सामान्य से 93.2 प्रतिशत, सिरोही में 1059.80 मिमी बरसात हुई जो सामान्य से 81.2 प्रतिशत एवं जोधपुर जिले में 315.03 मिमी बरसात हुई जो सामान्य से 61.7 प्रतिशत ज्यादा है। जोधपुर संभाग में अब तक सामान्य वर्षा 280.20 मिमी के मुकाबले 533.36 मिमी वर्षा हो चुकी है जो सामान्य से 90.4 प्रतिशत अधिक है।
इस दौरान सामान्य से अधिक बरसात 8 जिलों अजमेर, बीकानेर, गंगानगर, जयपुर, झुंझुनूं नागौर, सीकर एवं टोंक जबकि सामान्य बारिश 14 जिलों अलवर भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़ चुरू, दौसा, धौलपुर, हनुमानगढ़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, सवाईमाधोपुर एवं उदयपुर में हुई। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष इस दौरान 442.85 मिमी बरसात हो हुई थी जो सामान्य से 24.02 प्रतिशत ज्यादा थी और ऐसा एक भी जिला नहीं था जहां बरसात की कमी हो ।
इस बार राज्य के छोटे-बड़े 690 बांधों में अब तक 156 बांध लबालब हो गए तथा 359 बाँध आंशिक रूप से भर गए जबकि 175 बांध अभी भी खाली है। अब तक बांधों में पानी का भराव 8519.60 एमक्यूएम पहुंच गया जो भराव क्षमता 67.72 प्रतिशत है। गत वर्ष इस दौरान बांधों का भराव 64.11 प्रतिशत तक पहुंचा था। गत 15 जून को इन बांधों में भराव क्षमता का 42.80 प्रतिशत पानी था जो मानसून की वर्षा के बाद इसमें करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई ।
Editorial

Editorial

Next Story