Pratahkal-Jaipur-CM Ashok Gehlot will inaugurate 'MLA Awas Yojana' today

जयपुर (कास) । राजस्थान (Rajasthan) आवासन मण्डल द्वारा विधायक नगर (पश्चिम) में निर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त विधायक आवास परियोजना का लोकार्पण शनिवार को सायं 6.30 बजे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) करेंगे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ विशिष्ठ अतिथि होंगे।
आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा ने शुक्रवार को सचिव श्रीमती अल्पा चौधरी, मुख्य अभियंता अमित अग्रवाल, संदीप गर्ग, आवासीय अभियंता संजय शर्मा सहित संबंधित अधिकारियों और संवेदकों के साथ परियोजना से जुड़ी अंतिम तैयारियों का जायजा लिया। आयुक्त ने बताया कि मॉर्डन डिजाइन और सभी सुविधाओं से युक्त भव्य फ्लैट्स विधायकों को सौंपने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आयुक्त ने बताया कि 24 हजार 160 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बने छह बहुमंजिले टॉवर ( जी8) में 3 हजार 200 स्क्वायर फीट वाले कुल 160 फ्लैट्स में विधायकगणों की सुरक्षा का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है। पूरे परिसर के कॉमन एरिया ( पार्किंग, ड्राइव वे, बेसमेंट, लिफ्ट) में 80 से ज्यादा अत्याधुनिक और हाई रेंज के सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ऑटोमैटिक बूम बैरियर, बैग स्कैनर और मुख्य द्वार पर अंडर व्हीकल स्कैनर लगाया गया, जिसकी स्पाय आई किसी गडबड़ी पर तुरंत सिस्टम को अलर्ट करेगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मामले में सबसे खास ' इंट्रूडर अलर्ट सिस्टम है, जिससे कोई भी अवांछित व्यक्ति भवन में यदि बिना अनुमति के प्रवेश करेगा तो अलार्म बज जाएगा। इसके अलावा 24 घण्टे सिक्योरिटी गार्ड्स का भी इंतजाम किया गया है। अरोड़ा ने बताया कि सभी फ्लैट्स पूर्ण रूप से सुसज्जित और फुली फर्निश्ड हैं। विधायकों के लिए सभी जरूरी सुविधाओं का ख्याल इनमें रखा गया है। हर कमरे का इंटीरियर, कलर स्कीम्स, पर्दे, पेंटिंग्स, कारपेट, एंटिक और ओरनामेंटल ऑब्जेक्ट्स बहुत ही खूबसूरत हैं। हर फ्लैट में लगाए गुणवत्तायुक्त और आकर्षक फर्नीचर, डबल बेड, सोफा, कुर्सियां, डाइनिंग टेबल, एलईडी, फीज, एसी, पंखे, आरओ, मॉडयूलर किचन, साज-सज्जा जैसी लक्जरी सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है।
Editorial

Editorial

Next Story